मुजफ्फरनगर में घर के बाहर बाप-बेटे की गोलियों से भूनकर हत्या! भाई की हत्या का बदला लेने चार बाइकों से पहुंचे हमलावर
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुरानी रंजिश के चलते पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यूपी-उत्तराखंड सीमा पर स्थित अबदीपुर गांव में चार बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने घर के बाहर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। हमलावरों ने पहले सुखविंदर को गोली मारी और फिर उनके पिता मुख्तार को भी निशाना बनाया। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घर के बाहर गन्ने की ट्रॉली भरवा रहे थे सुखविंदर
जानकारी के मुताबिक, पुरकाजी क्षेत्र के दादूपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सुखविंदर अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के अबदीपुर गांव में रह रहे थे। रविवार शाम वह घर के बाहर गन्ने की ट्रॉली भरवा रहे थे। इसी दौरान चार बाइकों पर सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोली चलने की आवाज सुनकर सुखविंदर के 65 वर्षीय पिता मुख्तार घर से बाहर दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। जमीन पर घायल पड़े सुखविंदर को कराहते देख हमलावरों ने उनके सिर से सटाकर दोबारा गोली मार दी। इसके बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
भाई की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक, 11 सितंबर 2025 को दादूपुर गांव में मोनू गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सुखविंदर और उसका भाई बलजिंदर जेल गए थे। दोनों कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आए थे। बताया जा रहा है कि मोनू की हत्या का बदला लेने के लिए पिता-पुत्र की हत्या की गई है।
परिजनों ने मोनू गुर्जर के भाई अंकुर पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि अंकुर को हमलावरों के साथ देखा गया था और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की है।
एसएसपी ने बनाई कई टीमें, गांव में पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सूरज कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी के मुताबिक, परिजनों ने चार हमलावरों की पहचान की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या की वजह पुरानी रंजिश और बदले की भावना बताई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।