यूपी चुनाव में चंद्रशेखर आजाद का एक और दांव! गोरखपुर समेत छह सीटों पर प्रभारियों के नाम घोषित, अब तक 127 सीटों पर ऐलान
छह विधानसभा सीटों पर इन नामों का ऐलान
आजाद समाज पार्टी की नई सूची में हाथरस, आगरा, शाहजहांपुर, गोंडा और गोरखपुर की छह विधानसभा सीटों के लिए प्रभारी घोषित किए गए हैं।
-
हाथरस सदर से रमेंश चंद्र
-
एत्मादपुर से रिंकू सेठ
-
कटरा से सलीम चांद उर्फ चांद बाबू
-
शाहजहांपुर सदर से हरिराम वर्मा
-
कर्नलगंज से ऊषा देवी निषाद
-
पिपराइच से विजय साहनी
आगरा की एत्मादपुर सीट पर बसपा ने भी रविवार को सर्वेश बघेल को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। ऐसे में इस सीट पर दोनों दलों की चुनावी तैयारियां तेज होती दिख रही हैं।
अब तक 127 सीटों पर नाम घोषित
चंद्रशेखर आजाद की पार्टी विधानसभा प्रभारियों की अब तक चार सूचियां जारी कर चुकी है। पहली सूची 31 जुलाई को आई थी, जिसमें 45 सीटों के नाम घोषित किए गए थे। दूसरी सूची 21 सितंबर को जारी हुई थी, जिसमें 42 सीटों के प्रभारी घोषित किए गए। इसके बाद 15 नवंबर को आई तीसरी सूची में 34 सीटों के नाम शामिल थे।
अब चौथी सूची में छह और सीटों पर नाम घोषित किए गए हैं। इस तरह पार्टी अब तक कुल 127 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों के नाम सामने ला चुकी है। यह रणनीति बसपा की उस चुनावी परंपरा जैसी मानी जा रही है, जिसमें पहले विधानसभा प्रभारी घोषित किए जाते हैं और बाद में उन्हें ही प्रत्याशी बनाया जाता है।
ओवैसी के साथ गठबंधन, 26 नवंबर को लखनऊ में रैली
चंद्रशेखर आजाद ने पिछले दिनों असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ गठबंधन का ऐलान किया था। दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। गठबंधन के बाद 26 नवंबर को लखनऊ में बड़ी रैली आयोजित होने जा रही है। ओवैसी ने इस रैली में बड़े ऐलान का दावा किया है।
हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी औपचारिक घोषणा का इंतजार है। इस बीच आजाद समाज पार्टी की ओर से विधानसभा प्रभारियों की सूची जारी करने का सिलसिला जारी है। गठबंधन के ऐलान के बाद पार्टी की ओर से दो सूचियों में 40 प्रभारियों के नाम घोषित किए जा चुके हैं।
पीडीए के सामाजिक समीकरण पर पार्टी का जोर
चंद्रशेखर आजाद की ओर से जारी सूचियों में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के नेताओं को प्राथमिकता मिलती दिखाई दे रही है। अब तक घोषित नामों में ब्राह्मण और ठाकुर समेत सामान्य वर्ग के नेताओं को जगह नहीं मिलने की चर्चा है।
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि आजाद समाज पार्टी की यह रणनीति पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के सामाजिक समीकरण को साधने पर केंद्रित है। वहीं, ओवैसी के साथ गठबंधन के बाद इस मोर्चे का असर सपा-कांग्रेस गठबंधन के चुनावी समीकरणों पर भी पड़ सकता है।