नई दिल्ली: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (CHSL) टियर-1 परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले लाखों उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। आयोग ने परीक्षा शहर की जानकारी देने वाली एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। अब अभ्यर्थियों को SSC CHSL टियर-1 एडमिट कार्ड 2026 का इंतजार है।
एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवार इसे कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र का पूरा पता, परीक्षा की तारीख, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य जरूरी निर्देश दिए जाएंगे।
परीक्षा से 2-3 दिन पहले जारी होगा एडमिट कार्ड
SSC के नियमों के अनुसार, CHSL टियर-1 परीक्षा का एडमिट कार्ड आमतौर पर परीक्षा की तारीख से 2 से 3 दिन पहले जारी किया जाता है। आयोग के शेड्यूल के मुताबिक SSC CHSL टियर-1 परीक्षा 3 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
जिन उम्मीदवारों की परीक्षा शुरुआती तारीखों में होगी, उनके एडमिट कार्ड पहले जारी किए जाएंगे। वहीं, बाद की तारीखों में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के हॉल टिकट परीक्षा तिथि के अनुसार उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्क्राइब सुविधा वाले उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट
जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा में स्क्राइब (Own Scribe) सुविधा का विकल्प चुना है, उन्हें 28 नवंबर 2026 रात 11 बजे तक स्क्राइब की OTR मैपिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही उनके लिए स्क्राइब एंट्री पास जारी किया जाएगा।
200 अंकों की होगी SSC CHSL टियर-1 परीक्षा
SSC CHSL टियर-1 परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 200 अंकों के होंगे।
अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए 60 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। ऐसे में उम्मीदवारों को प्रश्नों का उत्तर सावधानी से देना होगा।
ऐसे डाउनलोड करें SSC CHSL Admit Card 2026
एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवार इन आसान स्टेप्स से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं-
- सबसे पहले SSC की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर ‘Admit Card’ या ‘Candidate Login’ सेक्शन पर क्लिक करें।
- SSC CHSL Tier-1 Admit Card 2026 के लिंक को चुनें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, पासवर्ड या जन्मतिथि और कैप्चा कोड दर्ज करें।
- लॉगिन करने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- एडमिट कार्ड में नाम, परीक्षा केंद्र, तारीख और समय की जानकारी जांच लें और इसका प्रिंटआउट निकाल लें।
परीक्षा में एडमिट कार्ड के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि केवल एग्जाम सिटी स्लिप से परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा के दिन एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा।