गौतमबुद्धनगर में मतदाता पंजीकरण अभियान तेज करने के निर्देश, युवाओं और महिलाओं पर रहेगा विशेष फोकस

0 26

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर) के तहत चल रहे मतदाता पंजीकरण कार्यों की समीक्षा की। सेक्टर-27 नोएडा स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि आने वाले दिनों में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

बैठक में 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 17 से 22 नवंबर तक चले छह दिवसीय विशेष अभियान की प्रगति पर चर्चा हुई। इस दौरान फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष जोर

नवदीप रिणवा ने कहा कि गौतमबुद्धनगर में बड़ी संख्या में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने की संभावना है। उन्होंने गाजियाबाद की तर्ज पर यहां भी विशेष अभियान चलाकर फॉर्म-6 के जरिए अधिक से अधिक नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय, स्पष्ट कार्ययोजना और समर्पित प्रयासों के साथ काम करने की अपेक्षा जताई, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।

ऑनलाइन फॉर्म-6 का एक दिन में हो आवंटन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ऑनलाइन प्राप्त होने वाले फॉर्म-6 के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी एईआरओ के लॉगिन पर आवेदन एक दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। ऑनलाइन फॉर्म मिलते ही उसी दिन उसे संबंधित बूथ के सही बीएलओ को आवंटित किया जाए।

इसके लिए एईआरओ को अपने क्षेत्र के सेक्टर, आवासीय सोसायटी, मतदान केंद्रों और क्षेत्राधिकार की पूरी जानकारी रखने को कहा गया। आवेदन में दर्ज पते के आधार पर सही बूथ की पहचान कर उसे संबंधित बीएलओ तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बीएलओ को तत्काल स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट देनी होगी। इसके बाद एईआरओ स्तर पर जांच पूरी कर आवेदन ईआरओ को भेजा जाएगा, ताकि नियमानुसार समयबद्ध निर्णय लेकर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान

मतदाता पंजीकरण में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष कैंप आयोजित करने और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने खास तौर पर 18 और 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं तथा पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया।

महिलाओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और सखी समूहों का सहयोग लेने को कहा गया। इन समूहों के माध्यम से पात्र महिलाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक और प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

बीएलओ को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने पर जोर

नवदीप रिणवा ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में बूथ लेवल अधिकारी और बूथ लेवल सुपरवाइजर उपलब्ध हैं। बीएलओ शिक्षित होने के साथ तकनीकी रूप से भी दक्ष हैं और मोबाइल ऐप के माध्यम से निर्वाचन संबंधी कार्य कर सकते हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें पर्याप्त प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ पर अन्य विभागीय जिम्मेदारियों के साथ गणना और स्वगणना से जुड़े कार्य भी हैं। इसके बावजूद बेहतर समन्वय और टीम भावना के जरिए सभी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।

16 दिसंबर तक अभियान के लिए बचे सिर्फ 23 दिन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत 16 दिसंबर तक अब केवल 23 दिन शेष हैं। यह समय प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन कार्यालय की ओर से जरूरी सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि गौतमबुद्धनगर के अधिकारी पूरी निष्ठा, मेहनत और टीम भावना के साथ काम करते हुए अगली समीक्षा में बेहतर परिणाम देंगे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से छूट न जाए। गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में प्रभावी अभियान के जरिए बड़ी संख्या में नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ा जा सकता है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.