यूपी में 100 से ज्यादा विधायकों और कई मंत्रियों के टिकट पर संकट, 2027 चुनाव से पहले बड़े बदलाव की तैयारी में बीजेपी!

0 20

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी मैदान में उतरने से पहले पार्टी उन संभावित कमजोरियों की पहचान करने में जुटी है, जो उसकी जीत की राह में बाधा बन सकती हैं। पार्टी के हालिया सर्वेक्षणों में 100 से अधिक विधायकों की छवि खराब सामने आने की बात कही जा रही है। इनमें कई मंत्री भी शामिल हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में मौजूदा विधायकों और मंत्रियों के टिकट कटने की संभावना जताई जा रही है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सर्वे में कई जनप्रतिनिधियों को लेकर जनता और संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी सामने आई है। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक ऐसे नेताओं की पहचान की गई है, जिनकी लोकप्रियता और स्थानीय पकड़ को लेकर पार्टी नेतृत्व चिंतित है। इनमें कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री और राज्यमंत्री भी शामिल बताए जा रहे हैं।

35 से 40 फीसदी तक बदल सकते हैं उम्मीदवार

बीजेपी के चुनावी आकलन में मौजूदा विधायकों और मंत्रियों के टिकट काटने का आंकड़ा 35 से 40 फीसदी तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी नेतृत्व को आशंका है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी चुनाव में नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में उम्मीदवारों के चेहरे बदलकर मतदाताओं की नाराजगी कम करने की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।

पार्टी के आकलन में यह भी सामने आया है कि मतदाताओं के एक बड़े वर्ग की नाराजगी पार्टी से नहीं, बल्कि उनके स्थानीय जनप्रतिनिधियों से है। इसी आधार पर टिकट वितरण के दौरान नए चेहरों को मौका देने की तैयारी की जा रही है। वहीं, कुछ मंत्री अपनी मौजूदा सीटों पर चुनावी स्थिति कमजोर मानते हुए सीट बदलने की कोशिश में भी जुटे हैं।

जातिगत समीकरण और विपक्षी उम्मीदवारों पर नजर

बीजेपी इस बार प्रत्याशियों के चयन में जातिगत समीकरणों को भी खास महत्व देने की तैयारी कर रही है। पार्टी की रणनीति में जिताऊ उम्मीदवार के साथ सामाजिक संतुलन साधना भी अहम रहेगा। इसके लिए सीटवार जातीय समीकरणों का आकलन किया जा रहा है।

पार्टी विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी के संभावित उम्मीदवारों पर भी नजर रख रही है। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन की चर्चाओं और चुनावी समीकरणों के बीच कई सीटों पर मुकाबले की स्थिति बदलने की संभावना को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

2017 की जीत और 2022-2024 के प्रदर्शन का भी आकलन

बीजेपी की रणनीति में सामाजिक समीकरणों को मजबूत करना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। पार्टी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में एनडीए के साथ 325 सीटें हासिल की थीं, जिनमें बीजेपी की 312 सीटें थीं। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सीटें घटकर 255 रह गईं।

इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश में पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। बीजेपी की सीटें 2019 के 66 के मुकाबले 2024 में घटकर 33 रह गईं। इन चुनावी नतीजों के बाद पार्टी सामाजिक समीकरणों और विभिन्न जातीय समूहों के बीच अपने समर्थन को फिर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

कम अंतर से हारी सीटों पर भी तलाशे जा रहे नए चेहरे

बीजेपी सिर्फ उन सीटों पर उम्मीदवारों के विकल्प तलाश रही है, जहां पार्टी चुनाव हार गई थी, बल्कि उन क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया जा रहा है जहां वह दूसरे स्थान पर रही या जीत-हार का अंतर बेहद कम था। ऐसी सीटों पर नए और मजबूत उम्मीदवारों की तलाश की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, जिन मौजूदा विधायकों और मंत्रियों को टिकट कटने की आशंका है, वे भी अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने और पार्टी नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाने में जुटे हैं। 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी की इस कवायद को उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति में बड़े बदलाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.