यूपी में आज और कल वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका, सभी बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ; जानें पूरी प्रक्रिया
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम के तहत आयोजित इस अभियान में नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ सूची से छूटे लोगों तक पहुंचने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन सिविल डिफेंस, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों की मदद से लोगों को जागरूक करने की तैयारी में है।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर मिलेंगे बीएलओ
विशेष अभियान के दौरान सभी बूथों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक बूथ पर पहुंचकर फॉर्म-6 भर सकते हैं। बीएलओ आवेदन प्रक्रिया में सहायता करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को संगम सभागार में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने सिविल डिफेंस, व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों से युवाओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों को चिह्नित कर बूथ तक पहुंचने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया जारी है। 17 नवंबर को 13.58 करोड़ मतदाताओं वाली ड्राफ्ट सूची जारी की गई थी। इसके बाद सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
-
16 दिसंबर: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख।
-
28 दिसंबर: दावे और आपत्तियों का निस्तारण।
-
4 जनवरी 2027: अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
प्रदेश में 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के करीब 16.16 करोड़ नागरिक हैं, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में फिलहाल 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।
पार्षदों को भी नए मतदाता जोड़ने की जिम्मेदारी
मतदाता सूची में नाम बढ़वाने और गलतियों को दुरुस्त कराने के लिए स्थानीय पार्षदों को भी विशेष अभियान में शामिल किया गया है। पार्षदों को बूथों पर पहुंचकर मतदाताओं की मदद करने और नए नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। एक वार्ड में पार्षद के माध्यम से 200 नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का लक्ष्य भी दिया गया है।
5.50 लाख डुप्लीकेट नाम मतदाता सूची से हटाए गए
उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से करीब 5.50 लाख डुप्लीकेट नाम हटाए गए हैं। दोहरी प्रविष्टियों की पहचान के लिए डी-डुप्लीकेट सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद बीएलओ के जरिए संबंधित आंकड़ों का भौतिक सत्यापन कराया गया और जांच के आधार पर दोहरी प्रविष्टियों को हटाया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अब मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और पात्र नागरिकों को सूची में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है।