काशी तमिल संगमम्-5.0 का आज होगा आगाज, उप राष्ट्रपति और सीएम योगी नमो घाट पर करेंगे उद्घाटन

0 14

वाराणसी: काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक विरासत को जोड़ने वाले काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण की शुरुआत शनिवार को वाराणसी में होगी। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नमो घाट पर सुबह 11 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। आयोजन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समापन सत्र में शामिल होंगे।

उप राष्ट्रपति शनिवार सुबह 9.50 बजे वायुसेना के विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 9.30 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से एयरपोर्ट पहुंचेंगे और उप राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। इसके बाद दोनों नेता कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर नमो घाट पर उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीएचयू के भारत कला भवन में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह बीएचयू के राधाकृष्णन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

कन्याकुमारी से पहली विशेष ट्रेन पहुंची वाराणसी

काशी तमिल संगमम् में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से मेहमानों का आगमन शुरू हो गया है। कन्याकुमारी से आई पहली विशेष ट्रेन शुक्रवार रात करीब 8 बजे वाराणसी स्टेशन पहुंची। इस दल में 200 विद्यार्थी, द्विभाषी गाइड और सहायक शामिल हैं।

स्टेशन पर पहुंचे अतिथियों का माल्यार्पण और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर विद्यार्थियों ने नृत्य किया और हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच मेहमानों का अभिनंदन किया गया। यात्रियों को डमरू वादन के साथ रेड कारपेट से स्वागत स्थल तक ले जाया गया। इसके बाद ई-बसों के माध्यम से उन्हें निर्धारित होटलों में पहुंचाया गया।

स्वागत कार्यक्रम में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी, भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डीआरएम (एनईआर) आशीष जैन और आईआरसीटीसी के सीआरएम अजीत कुमार सिन्हा समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सात समूहों के लिए बीएचयू में विशेष शैक्षणिक सत्र

काशी तमिल संगमम् के शैक्षणिक कार्यक्रमों में बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) प्रमुख साझेदार संस्थान हैं। दोनों संस्थान आयोजन के तहत शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की योजना बनाने और उन्हें संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

तमिलनाडु से आए सात अलग-अलग समूह बीएचयू परिसर में विशेष शैक्षणिक सत्रों में हिस्सा लेंगे। इन सत्रों में काशी और तमिलनाडु के विद्वान युवाओं के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद करेंगे और उन्हें मार्गदर्शन देंगे।

काशी, प्रयागराज और अयोध्या में तिरुक्कुरल की शिक्षाएं बताएंगे 50 शिक्षक

काशी तमिल संगमम् की गतिविधियों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से हिंदी के जानकार 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के तीन शहरों में तैनात किए जाएंगे। ये शिक्षक विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे।

  • काशी: 20 शिक्षक

  • प्रयागराज: 15 शिक्षक

  • अयोध्या: 15 शिक्षक

इस कार्यक्रम में बीएचयू के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन सहयोग करेंगे। इसके अलावा देशभर के 1,000 शैक्षणिक संस्थानों से एक-एक विद्यार्थी अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेगा। नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव और समन्वयक डॉ. उमेश सिंह के अनुसार, संगमम् के तहत आयोजित गतिविधियां युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देंगी।

तमिलनाडु से आएंगे 1750 प्रतिनिधि, 11 दिसंबर तक चलेंगे कार्यक्रम

काशी तमिल संगमम् के तहत तमिलनाडु से सात विशेष गाड़ियों के जरिए कुल 1,750 प्रतिनिधियों के वाराणसी पहुंचने की योजना है। प्रत्येक समूह में 250 सदस्य होंगे। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक बीएचयू में आयोजित शैक्षणिक सत्रों में प्रतिनिधियों की विशेषज्ञता और रुचि के आधार पर संवाद, चर्चा और ज्ञान साझा करने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

आयोजन को आम लोगों और युवाओं तक पहुंचाने के लिए बीएचयू परिसर में सांस्कृतिक और जनसंपर्क कार्यक्रम भी होंगे। इनमें संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, कला इंस्टॉलेशन और मेहंदी जैसी गतिविधियां शामिल हैं। कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए 1,500 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों का चयन किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.