परिसीमन आयोग की कमान सुप्रीम कोर्ट के जज के हाथ, CEC और राज्य चुनाव आयुक्त भी होंगे सदस्य; जानें कैसे तय होंगी सीटें

0 12

नई दिल्ली: संसद के 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 और इससे जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पेश करने जा रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत देशभर में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक एकसमान बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए विधेयक पारित होने के बाद केंद्र सरकार तीन सदस्यीय परिसीमन आयोग का गठन करेगी, जो निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करेगा।

शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद सार्वजनिक किए गए विधेयक के मसौदे में आयोग की संरचना, अधिकार, कार्यकाल और सीटों के निर्धारण से जुड़े नियमों का विवरण दिया गया है। इस पूरी कवायद का प्रमुख उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना बताया गया है।

कैसा होगा परिसीमन आयोग का गठन?

प्रस्तावित विधेयक के मुताबिक, परिसीमन आयोग में तीन सदस्य होंगे और इसके फैसले बहुमत के आधार पर लिए जाएंगे। आयोग की अध्यक्षता केंद्र सरकार की ओर से नियुक्त सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे।

आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) या उनकी ओर से नामित कोई अन्य चुनाव आयुक्त सदस्य के रूप में शामिल होगा। इसके अलावा, जिस राज्य में परिसीमन की प्रक्रिया चल रही होगी, वहां के राज्य चुनाव आयुक्त भी आयोग के सदस्य होंगे। मेघालय और नागालैंड के मामले में राज्यपाल की ओर से नामित व्यक्ति राज्य चुनाव आयुक्त की भूमिका निभाएगा।

आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार अधिसूचना के माध्यम से निर्धारित करेगी। जरूरत पड़ने पर आयोग के अनुरोध पर इस अवधि को बढ़ाया भी जा सकेगा।

सांसद और विधायक होंगे सहयोगी सदस्य

परिसीमन की प्रक्रिया में राजनीतिक प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष संबंधित राज्य के पांच सांसदों को और विधानसभा अध्यक्ष पांच विधायकों को सहयोगी सदस्य के तौर पर नामित करेंगे। ये सदस्य आयोग की प्रक्रिया में हिस्सा तो ले सकेंगे, लेकिन उन्हें मतदान का अधिकार नहीं होगा। उनकी असहमति को आयोग के समक्ष दर्ज कर प्रकाशित भी किया जा सकेगा।

इसके अलावा, परिसीमन आयोग जरूरत पड़ने पर भारत के जनगणना आयुक्त, महासर्वेक्षक और नक्शा विशेषज्ञों की सहायता ले सकेगा।

लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव

विधेयक के मसौदे में प्रत्येक राज्य की लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। इस बदलाव के बाद लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़कर 850 तक पहुंच सकती है।

निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करते समय आयोग कई मानकों को ध्यान में रखेगा। प्रस्ताव के अनुसार, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह एक लोकसभा क्षेत्र के भीतर होना चाहिए। साथ ही, क्षेत्रों को भौगोलिक विशेषताओं, प्रशासनिक सीमाओं और संचार सुविधाओं के आधार पर यथासंभव एक-दूसरे से जुड़े और व्यवस्थित स्वरूप में रखा जाएगा।

जिन राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में फिलहाल केवल एक लोकसभा सीट है, वहां एक ही निर्वाचन क्षेत्र बनाए रखने का प्रावधान किया गया है।

नवीनतम जनगणना के आंकड़ों पर होगा परिसीमन

निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं तय करने के लिए अधिनियम लागू होने के समय प्रकाशित नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोग इसी आधार पर राज्यों में सीटों के निर्धारण और आरक्षण से संबंधित निर्णय लेगा।

महिला, एससी और एसटी आरक्षण का भी निर्धारण करेगा आयोग

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत परिसीमन आयोग यह तय करेगा कि राज्यों में कितनी सीटें अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।

महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रोटेशन आयोग के निर्णय के अनुसार किया जाएगा। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रोटेशन संबंधित आरक्षित वर्ग की सीटों के भीतर ही होगा।

अनुसूचित जाति के लिए सीटें उन क्षेत्रों में निर्धारित की जाएंगी, जहां उनकी आबादी का अनुपात तुलनात्मक रूप से अधिक होगा। अनुसूचित जनजाति के लिए सीटें उन क्षेत्रों में तय होंगी, जहां उनकी आबादी का प्रतिशत सबसे अधिक है।

सिविल कोर्ट जैसी शक्तियां मिलेंगी, आदेश को अदालत में चुनौती नहीं

परिसीमन आयोग को प्रस्तावित विधेयक के तहत सिविल कोर्ट जैसी शक्तियां देने का प्रावधान है। आयोग गवाहों को समन जारी कर सकेगा और दस्तावेजों तथा सार्वजनिक रिकॉर्ड को तलब कर सकेगा।

अंतिम निर्णय लेने से पहले आयोग प्रत्येक राज्य में अपने मसौदा प्रस्ताव प्रकाशित करेगा और जनसुनवाई आयोजित करेगा। इसके बाद जारी किए गए अंतिम आदेशों को कानून का दर्जा मिलेगा और उन्हें किसी भी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी।

अंतिम आदेश जारी होने के बाद चुनाव आयोग केवल लिपिकीय त्रुटियों को सुधार सकेगा। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करने का अधिकार उसके पास नहीं होगा।

जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष प्रावधान

विधेयक में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए भी विशेष व्यवस्था का उल्लेख किया गया है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र (PoK) के पाकिस्तान के नियंत्रण से मुक्त होने की स्थिति में वहां जम्मू-कश्मीर विधानसभा के निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण करने के लिए भारत का चुनाव आयोग ही परिसीमन आयोग के रूप में काम करेगा।

अधिकारी ने बताया कि दोनों विधेयकों के पारित होने के बाद परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। साथ ही, परंपरा के अनुसार संविधान संशोधन विधेयक को कम से कम 50 प्रतिशत राज्यों से अनुमोदन दिलाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, ताकि 2029 के आम चुनाव में महिला आरक्षण लागू किया जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.