गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची पुनरीक्षण का निरीक्षण, ASD सूची के मतदाताओं का घर-घर सत्यापन करने के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहे और मतदाता सूची पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने से संबंधित कार्य किए गए।
ASD सूची में शामिल लोगों का वास्तविक स्थिति के आधार पर सत्यापन
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से ASD (Absentee, Shifted, Dead एवं Duplicate) सूची में शामिल लोगों के भौतिक सत्यापन की जानकारी ली। संबंधित बीएलओ ने बताया कि सूची में दर्ज व्यक्तियों के पते का सत्यापन कर उनकी वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से सूची से बाहर न रह जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ASD सूची में शामिल प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन पूरी सावधानी और गंभीरता से किया जाए। किसी व्यक्ति को वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त किए बिना अनुपस्थित या स्थानांतरित श्रेणी में चिह्नित नहीं किया जाए। यदि सत्यापन के दौरान किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से कटने की जानकारी सामने आती है, तो नियमानुसार तत्काल फॉर्म-6 भरवाकर उसका नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाए।
18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं और पहली बार वोट देने वालों का पंजीकरण प्राथमिकता पर
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र लोगों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने महिला मतदाताओं, युवाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और थर्ड जेंडर समुदाय के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर भी विशेष जोर दिया। बीएलओ अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नाम दर्ज कराने, विवरण में संशोधन करने और आवश्यक प्रपत्रों के बारे में जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
स्थानीय नागरिकों से भी ली पुनरीक्षण कार्य की जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्र पर मौजूद स्थानीय नागरिकों से बीएलओ के घर-घर जाकर किए जा रहे कार्यों और सत्यापन प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। नागरिकों ने बीएलओ की कार्यप्रणाली और सत्यापन प्रक्रिया को संतोषजनक बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। संबंधित अधिकारियों को बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने और पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करते हुए जनपद की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान ईआरओ-62 दादरी आशुतोष गुप्ता, सुपरवाइजर नीरज लता और संबंधित बूथों के सभी बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।