भारत-ब्रिटेन के मुक्त व्यापार समझौते के लिए आज से शुरू होगी छठे दौर की वार्ता

0 310

नई दिल्ली। भारत और ब्रिटेन (India and Britain) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) (Free Trade Agreement (FTA)) के लिए छठे दौर की बातचीत सोमवार को यहां शुरू होगी। दरअसल, दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों (senior officials of both countries) के बीच होने वाली इस वार्ता का उद्देश्य एफटीए को जल्द पूरा करना है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक भारत-ब्रिटेन के बीच एफटीए को लेकर छठे दौर की वार्ता 12 दिसंबर से शुरू हो रही है। इस साल 13 जनवरी, 2022 को शुरू हुई इस वार्ता के तहत एक प्रमुख मुद्दा यात्री वाहन सहित वस्तुओं का व्यापार है। ब्रिटेन में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद यह बातचीत फिर शुरू हो रही है। इससे पहले आखिरी दौर की वार्ता 29 जुलाई को हुई थी।

इससे पहले वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पिछले महीने कहा था कि मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा था कि चीजें अच्छी तरह से आगे बढ़ रही हैं। इसके अच्छे परिणाम आएंगे। दरअसल, एफटीए के तहत दोनों देश आपसी व्यापार वाले ज्यादातर उत्पादों पर सीमा शुल्क को बहुत हद तक कम कर देते हैं या पूरी तरह समाप्त कर देते हैं। ब्रिटेन वाहन क्षेत्र में शुल्क रियायत चाहता है।

उल्लेखनीय है कि भारत और ब्रिटेन ने दिवाली यानी 24 अक्टूबर तक वार्ता समाप्त करने के उद्देश्य से जनवरी में एफटीए के लिए बातचीत शुरू की थी लेकिन ब्रिटेन में राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण इसे तय समय-सीमा पर अंतिम रूप नहीं दिया जा सका। इस समझौते में 26 अध्याय हैं, जिसमें सामान, सेवाएं, निवेश और बौद्धिक संपदा का अधिकार शामिल है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.