शादी के 16 घंटे के बाद ही दुल्हन की छिन गईं खुशियां, इंतजार करता छोड़ दुनिया से चला गया दूल्हा

0 100

मेरठ: मेरठ में सनी और पूनम की शादी हुए अभी 16 घंटे ही बीते थे। पूरा परिवार दुल्हन के आने की खुशियां मना रहा था। घर में संगीत के कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। शादी के जोड़े में सजी पूनम अपने पति का इंतजार कर रही थी कि सड़क हादसे में 22 साल का सनी उसे इंतजार करता छोड़ इस दुनिया से चला गया। इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों में कोहराम मचा दिया।

मैनापूठी निवासी सनी पुत्र कृष्णपाल की सोमवार रात हापुड़ के गांव गालंद निवासी पूनम से शादी हुई थी। सुबह तीन बजे परिजन हंसी-खुशी दुल्हन को विदा करा मैनापूठी पहुंचे थे। सोमवार को दिनभर परिवार में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं। दुल्हा सनी अपने पड़ोसी संदीप के साथ कुछ सामान लेने सोमवार शाम बाइक से सरधना गया था। परिवार की महिलाएं संगीत कार्यक्रम की तैयारी में जुटी थी। रात में वापस लौटते समय जैसे ही सनी और संदीप सरूरपुर थाने के सामने पहुंचे तो निर्माण कार्य के चलते ऊंची-नीची हुई सड़क पर उनकी बाइक अनियंत्रित्र होकर पलट गई। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत के चलते सनी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां सनी की मौत हो गई।

एक रात पहले ही सजा था सेहरा
रविवार को सनी सिर पर सेहरा सजाकर दुल्हन को ब्याहने गालंद पहुंचा था। वह दुल्हन को विदा कराकर ले आया था। इसके चंद घंटों बाद ही सनी की सड़क हादसे में मौत हो गई। सनी की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। हादसे को लेकर परिवार के साथ पूरे गांव में शोक व्याप्त है।

बिखर गए सारे सपने, गमों का पहाड़ टूटा
अभी सनी का कंगना भी नहीं खुला था। हादसे की खबर आई तो दुल्हन पूनम के सारे सपने बिखर गए। रात में लोगों की पंचायत हुई और इसके बाद पूनम लड़खड़ाते कदमों से अपने परिजनों के साथ वापस बाबुल के घर लौट गई। पूनम को शादी के कुछ घंटे बाद ही वापस उसी दहलीज पर लौटना पड़ा जहां से वह विदा होकर आई थी। गम में डूबी पूनम को देख लोगों के आंसू थम नहीं रहे थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.