बिहार में गोमांस ले जाने के शक में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या

0 466

सारण. बिहार के सारण जिले में कथित तौर पर गोमांस ले जाने के संदेह में हिंसक भीड़ ने 55 वर्षीय एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान सीवान जिले के हसनपुर गांव निवासी नसीम कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो अन्य की तलाश की जा रही है।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार को उस समय हुई, जब नसीम और उसका भतीजा फिरोज कुरैशी सारण जिले के जोगिया गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। सारण के पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला ने कहा, “दोनों को स्थानीय लोगों ने एक मस्जिद के पास रोका और इसके बाद उनके बीच बहस हुई।

फिरोज भागने में सफल रहा, लेकिन भीड़ नसीम की कथित तौर पर लाठियों से पिटाई करने लगी।” मंगला के मुताबिक, बाद में भीड़ ने खुद नसीम को रसूलपुर गांव (सारण) में पुलिस को सौंप दिया, जिसके बाद उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) जे एस गंगवार ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि क्या मृतक प्रतिबंधित मांस ले जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘भीड द्वारा हत्या के मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले में शामिल दो अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए एक अभियान भी शुरू किया है। मामले की सभी बिंदुओं से जांच की जा रही है।”गिरफ्तार व्यक्तियों में से एक सरपंच है जो स्थानीय पंचायत का सदस्य है। पुलिस ने नसीम के भतीजे के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.