AI वीडियो को लेकर अखिलेश यादव पर बरसे पंकज चौधरी, बोले- मुख्यमंत्री ही नहीं साधु-संतों का भी हो रहा अपमान
आजमगढ़: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हताशा में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई से तैयार किए गए वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ पूरे साधु-संत समाज का भी अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को मुद्दों पर आधारित राजनीति करनी चाहिए, लेकिन वह सकारात्मक राजनीति नहीं करता।
सपा-कांग्रेस पर सनातन के अपमान का आरोप
पंकज चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने कृत्यों का परिणाम भुगतना पड़ेगा और जनता इस बार भी उसे नकार देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल हमेशा से सनातन का अपमान करते रहे हैं, चाहे वह समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस।
दुर्वासा धाम में कार्यक्रम में पहुंचे पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी फूलपुर क्षेत्र स्थित दुर्वासा धाम में भाजपा के प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के पिता स्वर्गीय आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले स्वर्गीय आद्या प्रसाद राय को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
योगी के मथुरा दौरे पर सपा के आरोपों का दिया जवाब
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा देश और प्रदेश के करोड़ों लोगों की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा जाते रहे हैं।
‘मथुरा जाने को राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं’
पंकज चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मथुरा जाने को राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सनातन के प्रति नकारात्मक राजनीति करने के कारण ही जनता ने ऐसे दलों को सत्ता से बाहर कर दिया है। उनके मुताबिक, देश की जनता सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का सम्मान करती है और वह सब कुछ देख रही है। उन्होंने कहा कि समय आने पर जनता अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी।