सुकन्या समृद्धि योजना में ₹1.09 लाख सालाना निवेश से बेटी के खाते में ₹50 लाख, जानें कैसे बनता है बड़ा फंड
नई दिल्ली: बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने वाली सरकारी सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) एक बार फिर चर्चा में है। इस स्कीम में नियमित निवेश करके लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है, जो बेटी की शिक्षा और शादी जैसे बड़े खर्चों में काम आता है।
10 साल से कम उम्र में खुलता है खाता
इस योजना के तहत केवल 10 साल से कम उम्र की बेटी का ही खाता खोला जा सकता है। इसमें न्यूनतम ₹250 सालाना जमा करना जरूरी है, जबकि अधिकतम निवेश की सीमा ₹1.5 लाख प्रति वर्ष तय की गई है।
15 साल तक निवेश, 21 साल में मैच्योरिटी
सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश 15 साल तक किया जाता है, जबकि खाता 21 साल बाद परिपक्व होता है। हालांकि, बेटी के 18 साल की होने पर उसकी शादी या उच्च शिक्षा के लिए आंशिक या पूर्ण निकासी की सुविधा भी उपलब्ध है।
टैक्स फ्री और 8.2% ब्याज का फायदा
यह योजना पूरी तरह टैक्स-फ्री है और इसमें मौजूदा समय में 8.2 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दिया जा रहा है। निवेश और ब्याज दोनों पर किसी प्रकार का टैक्स नहीं लगता, जिससे यह स्कीम और आकर्षक बन जाती है।
₹1.09 लाख सालाना निवेश से बन सकता है ₹50 लाख का फंड
अगर कोई निवेशक अपनी एक साल की बेटी के नाम से हर साल ₹1,09,000 का निवेश करता है, तो 15 साल की अवधि के बाद और मैच्योरिटी तक कुल राशि बढ़कर लगभग ₹50,34,040 तक पहुंच सकती है। यह रकम साल 2047 तक मिलने का अनुमान है।
दो बेटियों तक की सुविधा
इस योजना के तहत एक परिवार में अधिकतम दो बेटियों के नाम पर खाता खोला जा सकता है। हालांकि जुड़वां बेटियों के मामले में यह नियम कुछ लचीलापन देता है।