गौतमबुद्धनगर: प्रदेश के सभी उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की घोषणा की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब उचित दर विक्रेताओं को 125 रुपये प्रति कुंतल लाभांश मिलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी, गौतमबुद्धनगर ने इसकी जानकारी दी।
आभार जताने कलेक्ट्रेट पहुंचे उचित दर विक्रेता
लाभांश में वृद्धि की घोषणा के बाद जनपद के उचित दर विक्रेता संघ, गौतमबुद्धनगर से जुड़े बड़ी संख्या में विक्रेता कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री और खाद्य एवं रसद विभाग मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।
अपर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
उचित दर विक्रेताओं ने अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्यमंत्री और खाद्य एवं रसद विभाग मंत्री के प्रति अपना आभार प्रकट किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) और जिला पूर्ति अधिकारी, गौतमबुद्धनगर ने उचित दर विक्रेताओं को बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री तक नियमानुसार भेजा जाएगा आभार ज्ञापन
अधिकारियों ने उचित दर विक्रेताओं को आश्वस्त किया कि उनका आभार और ज्ञापन नियमानुसार मुख्यमंत्री को प्रेषित कर दिया जाएगा।