PCS मुख्य परीक्षा-2026 पास करने वाले 8 अभ्यर्थियों का मॉक इंटरव्यू, विशेषज्ञों ने साक्षात्कार की बारीकियों से कराया रूबरू
गौतमबुद्धनगर: असीम अरूण, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग सेंटर, निजामपुर हापुड़ के पीसीएस मुख्य परीक्षा-2026 उत्तीर्ण 8 अभ्यर्थियों के लिए मॉक साक्षात्कार आयोजित किया गया। यह आयोजन डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुस्तकालय, सेक्टर-37 नोएडा स्थित अभ्युदय केंद्र में हुआ।
मॉक साक्षात्कार का उद्देश्य अभ्यर्थियों को वास्तविक साक्षात्कार की प्रक्रिया से परिचित कराना और उन्हें अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के लिए तैयार करना रहा। इस दौरान विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान पूछे जाने वाले संभावित प्रश्नों और उनके जवाब देने के तरीके से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।
सुनीता यादव की अध्यक्षता में गठित हुआ मॉक इंटरव्यू बोर्ड
मॉक साक्षात्कार बोर्ड की अध्यक्षता उप निदेशक, समाज कल्याण, मेरठ मंडल, मेरठ सुनीता यादव ने की। बोर्ड में उप निदेशक मो. मुस्ताक, आईएएस/पीसीएस कोचिंग सेंटर हापुड़, उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर सतीश कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी गौतमबुद्धनगर आशीष सिंह तथा जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गौतमबुद्धनगर ज्योति रानी मौजूद रहीं।
मॉक साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे गए और उनकी प्रस्तुति, जवाब देने के तरीके तथा साक्षात्कार की परिस्थितियों में व्यवहार को परखा गया। इसके बाद प्रत्येक अभ्यर्थी को उनके प्रदर्शन के संबंध में जरूरी फीडबैक दिया गया।
अभ्यर्थियों को प्रभावी तरीके से जवाब देने के दिए टिप्स
कार्यक्रम में अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की पूरी प्रक्रिया को समझाया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि पूछे गए सवालों का जवाब किस तरह स्पष्ट और प्रभावी ढंग से दिया जाए। साथ ही साक्षात्कार के दौरान आत्मविश्वास और अपनी बात रखने के तरीके से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
मॉक साक्षात्कार के सफल आयोजन में डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुस्तकालय अभ्युदय केंद्र के संरक्षक गणेश जाटव का भी सहयोग रहा।