School Closed: भारी बारिश और जलभराव के चलते सोनभद्र में आज स्कूल बंद, डीएम के आदेश के बाद छुट्टी घोषित

0 14

सोनभद्र: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए सोनभद्र प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बुधवार 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद जिले के विभिन्न बोर्डों से संचालित विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद

बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए सोनभद्र के जिलाधिकारी ने 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और अन्य बोर्डों के विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश जारी कर संबंधित विद्यालयों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों के लिए अलग निर्देश

बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय की ओर से जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के सभी विद्यालय 2 सितंबर को बंद रहेंगे।

हालांकि शिक्षकों को घर से रहकर अपर आईडी, डीबीटी, यू-डायस प्लस समेत अन्य विभागीय कार्य करने होंगे। शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्य भी पूर्व की तरह जारी रहेगा।

माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी रहेंगे मौजूद

जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह की ओर से जारी आदेश के तहत कक्षा 1 से 12 तक संचालित माध्यमिक विद्यालय बंद रखे जाएंगे।

विद्यालय बंद रहने के बावजूद माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। वे विभागीय निर्देशों के अनुसार यू-डायस प्रोग्रेशन, बोर्ड रजिस्ट्रेशन, इंस्पायर अवार्ड रजिस्ट्रेशन, स्वयं पोर्टल, ज्ञान एकेडमी और अन्य विभागीय कार्यों का क्रियान्वयन जारी रखेंगे।

मंगलवार को भी सोनभद्र और चंदौली में बंद रहे थे स्कूल

भारी वर्षा और जलभराव को देखते हुए मंगलवार को सोनभद्र और चंदौली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद रखे गए थे।

दोनों जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, आईसीएसई और सीबीएसई बोर्ड से संचालित हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए गए थे।

पूर्वांचल में बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, बाढ़ का खतरा बढ़ा

उधर, पूर्वांचल में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर और भदोही में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है।

गाजीपुर में गंगा का जलस्तर 62.920 मीटर पहुंच गया है। चंदौली में जलस्तर 70.07 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का पानी गांवों की ओर बढ़ रहा है।

मिर्जापुर में गंगा का जलस्तर 75.490 मीटर दर्ज किया गया है और यहां एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पानी बढ़ रहा है। भदोही में जलस्तर 77.72 मीटर पहुंच गया है, जहां तीन से चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की वृद्धि दर्ज की जा रही है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। गंगा के साथ ही पूर्वांचल में सरयू नदी भी उफान पर है। बलिया में सरयू और टोंस नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.