UP International Trade Show 2026 का भव्य आगाज! अमित शाह ने किया उद्घाटन, 90 देशों के खरीदार पहुंचे; UP को ग्लोबल ट्रेड हब बनाने पर जोर

0 18

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ट्रेड शो का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के उत्पादों, पारंपरिक उद्योगों, हस्तशिल्प, एमएसएमई और युवाओं के नवाचार को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जोड़ने पर फोकस किया गया है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में देश-विदेश से आए खरीदारों, उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की भागीदारी से निवेश, उत्पादन, बिक्री और निर्यात को नई गति मिलने की उम्मीद है।

यूपी को निवेश और उद्योग का बड़ा केंद्र बनाने पर जोर

गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश के माहौल में बड़ा बदलाव आया है। कानून-व्यवस्था, औद्योगिक नीतियों, सरकार की सक्रियता और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को उन्होंने इस बदलाव का आधार बताया। उन्होंने 2025 के ट्रेड शो में पांच लाख से अधिक लोगों की भागीदारी और 2,400 से अधिक एमओयू का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा संस्करण पिछले रिकॉर्ड को भी पार करने की क्षमता रखता है।

उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 2015 की तुलना में लगभग 11 गुना वृद्धि और रक्षा क्षेत्र में बढ़ते उत्पादन का भी उन्होंने उल्लेख किया। उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर के झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर समेत छह नोड्स में निवेश बढ़ने की बात कही गई।

डिफेंस कॉरिडोर और इंफ्रास्ट्रक्चर से बदली औद्योगिक तस्वीर

अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर, वाहन निर्माण, मेडिकल डिवाइस पार्क और अन्य औद्योगिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है। नोएडा एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं को बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो संचालन का भी उल्लेख किया गया।

रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि भारत का रक्षा उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 में 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा। रक्षा निर्यात में 2013-14 की तुलना में 56 गुना से अधिक वृद्धि का भी उल्लेख किया गया। उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस और अमेठी में एके-203 असॉल्ट राइफल जैसी परियोजनाओं को रक्षा निर्माण के विस्तार से जोड़ा गया।

ODOP से पारंपरिक उत्पादों को मिला ग्लोबल बाजार

अमित शाह ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना की भूमिका पर भी जोर दिया। भदोही की दरी, मुरादाबाद का पीतल, फिरोजाबाद का कांच, सहारनपुर की काष्ठकला, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की साड़ी जैसे उत्पादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे उत्तर प्रदेश की पहचान देश-दुनिया तक पहुंची है। आगरा के पेठे, मथुरा के पेड़े और मेरठ की गजक जैसे स्थानीय उत्पादों को भी बड़े बाजार से जोड़ने के प्रयासों का जिक्र किया गया।

90 देशों से आए खरीदार, 2,400 से ज्यादा एग्जिबिटर्स

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पिछले चार वर्षों से उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पादों, पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं के नवाचार और एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक मंच उपलब्ध करा रहा है। इस बार 36 हजार वर्ग मीटर के एक्सपो सेंटर में 2,400 से अधिक एग्जिबिटर्स भाग ले रहे हैं और करीब 1.5 लाख बी2बी विजिटर्स के शामिल होने की संभावना है। दुनिया के 90 देशों से 600 से अधिक विदेशी खरीदारों और एग्जिबिटर्स की भागीदारी बताई गई है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के जरिए पारंपरिक उत्पादों को ब्रांड और वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश अब दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है। उनके मुताबिक यूपीआईटीएस में बढ़ती विदेशी भागीदारी प्रदेश के उत्पादों, सप्लाई चेन और उद्यमियों की विश्वसनीयता की ओर बढ़ते वैश्विक भरोसे को दर्शाती है।

Tradition से Technology तक, एक मंच पर दिखी UP की ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपीआईटीएस ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी, हेरिटेज और इनोवेशन तथा हुनर और बाजार को एक मंच पर ला रहा है। जापान, रूस, वियतनाम, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस के विशेष पवेलियन के जरिए रणनीतिक साझेदारी, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और जॉइंट वेंचर के अवसरों पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, फ्रेट कॉरिडोर और औद्योगिक ढांचे के विकास से कनेक्टिविटी को आर्थिक अवसरों से जोड़ा गया है। निवेश, उत्पादन और वैश्विक बाजार के बीच वैल्यू चेन तैयार करने से स्थानीय हुनर को कारोबार और रोजगार के अवसरों में बदलने का रास्ता बना है।

79 उत्पादों को GI Tag, 75 नए उत्पादों के आवेदन

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र के 79 उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त है, जबकि 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। भदोही के कालीन, मुरादाबाद के पीतल, कन्नौज के इत्र और वाराणसी की सिल्क साड़ियों जैसे उत्पादों को बड़े कारोबार वाले ब्रांड के रूप में पहचान मिलने की बात कही गई। यूपीआईटीएस के जरिए हस्तशिल्पियों को सीधे वैश्विक खरीदारों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

एमएसएमई, महिला उद्यमियों और युवाओं के लिए बड़ा मंच

प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपीआईटीएस उद्यमियों, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का मंच बन चुका है। इस संस्करण में रक्षा, कृषि, उद्योग, ई-कॉमर्स, आईटी, शिक्षा, चिकित्सा, बैंकिंग, डेयरी, हैंडलूम, टेक्सटाइल और जीआई उत्पादों समेत विभिन्न क्षेत्रों के 2,400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। ई-कॉमर्स, एआई, सेमीकंडक्टर, फार्मा और वित्त जैसे विषयों पर नॉलेज सेशन तथा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ बी2बी बैठकें भी आयोजित हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में पांच लाख से अधिक फुटफॉल और 90 से ज्यादा देशों के 600 से अधिक खरीदारों की भागीदारी संभावित है। प्रदेश में एक करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की बात कही गई। ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और प्लेज पार्क योजना के जरिए ऋण, प्रशिक्षण और विपणन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का उल्लेख किया गया।

ट्रेड शो में स्टॉलों का किया अवलोकन, ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल लॉन्च

उद्घाटन के बाद अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने ट्रेड शो में लगाए गए विभिन्न उत्पादों, हस्तशिल्प और औद्योगिक प्रदर्शनियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। दोनों ने एमएसएमई इकाइयों और विभिन्न जिलों की औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि

25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उनके राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान को याद किया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास एवं एमएसएमई मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्य मंत्री बृजेश सिंह, राज्य मंत्री हंस राज विश्वकर्मा, सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा और नरेंद्र सिंह भाटी समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.