UP Weather Today: यूपी के 12 जिलों में गिरा तापमान, बरेली-मेरठ समेत इन इलाकों में बढ़ेगी ठंड; एक हफ्ते तक बारिश के आसार नहीं

0 32

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेशभर में आसमान साफ है और दिन में तेज धूप निकल रही है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। बरेली, मेरठ और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट के आसार

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आने वाले सप्ताह में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। हालांकि, दिन के समय तेज धूप निकलने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ऐसे में दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा, जबकि सुबह-शाम लोगों को हल्की ठंड का एहसास होगा।

अयोध्या में सबसे कम रहा अधिकतम तापमान

सोमवार को अयोध्या में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, हरदोई और नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन दोनों जिलों में रात सबसे ठंडी रही।

लखनऊ में भी बदल रहा मौसम, दिन में धूप और रात में ठंड

राजधानी लखनऊ में भी तापमान में बदलाव का असर दिखाई देने लगा है। दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकल रही है, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के मुताबिक, अगले एक सप्ताह में दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। दूसरी ओर, रात का पारा लगभग तीन डिग्री तक नीचे जा सकता है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.