UP Weather: यूपी में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में बरसेंगे बादल

0 20

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सितंबर की शुरुआत के साथ ही बारिश का दौर तेज बना हुआ है। बुधवार 2 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 5 सितंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी इलाकों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने के आसार हैं। कई जिलों के लिए भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।

5 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 सितंबर तक बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विक्षोभ के प्रभाव से 5 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है और इसके लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।

कानपुर में छिटपुट बारिश और बादल बने रहने की संभावना

मानसून के तेजी से बदलते पूर्वानुमान के बीच कानपुर में फिलहाल छिटपुट बारिश जारी रहने की संभावना है। सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा के अनुसार मानसून सक्रिय है और फिलहाल आसमान में बादल छाए रहेंगे।

कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। अगले सप्ताह बारिश की मात्रा कम रहने की संभावना जताई गई है।

आज दोनों अंचलों में बारिश और गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 2 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है।

इस दिन पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। 3 सितंबर को भी दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

4 और 5 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए इन दोनों दिनों में कोई अलग मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

6 और 7 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी दोनों अंचलों के लिए कोई मौसम चेतावनी नहीं दी गई है।

इन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

2 सितंबर को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय

अगस्त की तरह सितंबर में भी बारिश की शुरुआत अच्छी रही है। मंगलवार को 78 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान घटकर 28.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है, लेकिन इसके आगे दिशा बदलने के कारण प्रभावित राज्यों और क्षेत्रों में बदलाव हो सकता है।

उड़ीसा, झारखंड और मध्य प्रदेश के बाद जिस प्रभाव के उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना थी, दिशा बदलने के कारण उसका असर प्रदेश पर अधिक नहीं पड़ने की उम्मीद है।

पश्चिमी विक्षोभ और मानसून ट्रफ का भी असर

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के अलावा उत्तरी पाकिस्तान से आए पश्चिमी विक्षोभ का असर जम्मू क्षेत्र में पड़ने की संभावना है। इसका प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है।

फिलहाल मानसून की ट्रफ लाइन जम्मू, चंडीगढ़ और शाहजहांपुर से होते हुए वाराणसी और आगे बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। यह ट्रफ लाइन इस समय कानपुर के बेहद करीब बनी हुई है, जिसके कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.