‘अब कभी नहीं करूंगा, पढ़ूंगा-लिखूंगा… माफ कर दो’, पुलिस की गोली लगते ही रोने लगा स्नैचर; पूछताछ में खोले लूट के राज

0 21

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में थाना कविनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद स्नैचिंग की घटनाओं में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, घायल होने के बाद आरोपी इमरान रोने लगा और उसने कहा कि वह अब दोबारा ऐसा काम नहीं करेगा, पढ़ाई-लिखाई करेगा और उसे माफ कर दिया जाए।

पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए सोने की टिक्की, हथियार और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद करने की बात कही है।

चेकिंग के दौरान पुलिस से हुआ सामना

पुलिस के मुताबिक, थाना कविनगर की टीम देर रात इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आइडियल (IDL) कॉलेज रोड चौराहा, शताब्दीपुरम के पास पुलिस का सामना आरोपी से हो गया।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

20 साल के इमरान मंसूरी की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 20 वर्षीय इमरान मंसूरी उर्फ मक्खी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दिल्ली के लोहिया नगर, थाना आदर्श नगर का रहने वाला बताया गया है।

गोली लगने के बाद घायल इमरान को इलाज के लिए गाजियाबाद के संजय नगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, वह गोविन्दपुरम इलाके में हुई लूट की एक घटना में वांछित था।

11 सितंबर को महिला का मंगलसूत्र छीना था

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को आरके पुरम, गोविन्दपुरम निवासी एक महिला ने थाना कविनगर में शिकायत दी थी। महिला ने बताया था कि सफेद स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से करीब 5 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की थी। इसी मामले में इमरान पुलिस के रडार पर था।

पूछताछ में मंगलसूत्र लूटने की बात कबूली

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में इमरान ने मंगलसूत्र लूटने की बात कबूल की है। उसने बताया कि 11 सितंबर की सुबह उसने अपने दोस्त सूरज के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

आरोपी के मुताबिक, सबूत मिटाने और मंगलसूत्र को बेचने के लिए दोनों ने उसे पिघलाकर सोने की टिक्की बना दी थी। पुलिस ने इसी सोने की टिक्की को बरामद करने की बात कही है।

RDC में मोबाइल स्नैचिंग की भी बताई कहानी

पुलिस के अनुसार, इमरान ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसने अपने साथी सूरज के साथ मिलकर आरडीसी इलाके में अलग-अलग जगहों से दो मोबाइल फोन भी छीने थे।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दिन इमरान सोने की टिक्की बेचने और एक नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकला था। पूछताछ में सामने आया कि लूट का सामान बेचने के बाद मिलने वाली रकम दोनों आपस में बराबर बांट लेते थे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.