अमेरिका में बड़ा विमान हादसा, मिसिसिपी के पास समुद्र में गिरा प्लेन; दो बच्चों समेत 6 लोगों की मौत

0 28

नई दिल्ली: अमेरिका के मिसिसिपी में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। हॉर्न आइलैंड के पास एक छोटा विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तलाशी अभियान के दौरान गोताखोरों ने विमान के मलबे से सभी यात्रियों के शव बरामद कर लिए हैं।

हादसे के बाद चलाया गया सर्च ऑपरेशन अब समाप्त कर दिया गया है। मृतकों में चार वयस्क और 8 से 10 साल की उम्र के दो बच्चे शामिल थे।

समुद्र में गिरा सेसना 210 विमान

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना सेंटूरियन 210 था। यह हादसा मंगलवार दोपहर हुआ। अमेरिकी कोस्ट गार्ड को करीब दोपहर 3:45 बजे विमान से संपर्क टूटने की सूचना मिली थी।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) का विमान से संपर्क टूटने के बाद कोस्ट गार्ड को अलर्ट किया गया और तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया गया।

गोताखोरों ने विमान के अंदर से निकाले शव

अमेरिकी कोस्ट गार्ड के अनुसार, राहत और बचाव अभियान के दौरान घटनास्थल से तीन लाइफ जैकेट, एक लाइफ राफ्ट और विमान का केबिन बरामद किया गया था।

बाद में मिसिसिपी डिपार्टमेंट ऑफ मरीन रिसोर्सेज (MDMR) के गोताखोरों ने विमान के ढांचे के अंदर मौजूद सभी छह लोगों के शव खोज निकाले। सभी शव मिलने के बाद अधिकारियों ने सर्च ऑपरेशन खत्म कर दिया।

न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा जा रहा था विमान

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, सेसना 210 विमान न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स जा रहा था। उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद विमान मिसिसिपी के पस्कागौला के दक्षिण में लगभग 8,800 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।

इसके बाद विमान अचानक तेजी से नीचे समुद्र की ओर गिरने लगा। ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के डेटा के मुताबिक, हादसे से पहले विमान करीब 18,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आ रहा था और उसकी गति 200 मील प्रति घंटे से अधिक थी।

कुछ ही देर बाद विमान का ट्रैकिंग डेटा मिलना बंद हो गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर किस वजह से विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.