अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान का पलटवार, फारस की खाड़ी में 2 अमेरिकी समेत 10 जहाजों पर हमला; जॉर्डन में अमेरिकी ठिकाने पर दागीं मिसाइलें
तेहरान: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। बुधवार को अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से ईरान के पांच तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने के बाद तेहरान ने पलटवार किया। ईरानी मीडिया के मुताबिक, आईआरजीसी की नौसेना ने फारस की खाड़ी में 10 जहाजों को निशाना बनाया, जिनमें दो अमेरिकी जहाज शामिल थे। इसके अलावा होर्मुज जलडमरूमध्य के पास से गुजर रहे 10 अन्य जहाजों पर भी हमला किए जाने की खबर है।
ईरान ने जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे को भी निशाना बनाया और वहां कई मिसाइलें दागीं। जॉर्डन ने दावा किया कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने दागी गई 20 में से 18 मिसाइलों को हवा में ही रोक दिया।
ईरान पहले ही दे चुका था कार्रवाई की चेतावनी
इससे पहले सोमवार को ईरान के सरकारी मीडिया ने दावा किया था कि उसकी नई कासिम बशीर बैलिस्टिक मिसाइल देश की सैन्य नीति में बदलाव का संकेत है। तेहरान ने यह भी चेतावनी दी थी कि किसी भी खतरे के खिलाफ वह कार्रवाई करेगा।
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने दावा किया था कि इस मिसाइल का परीक्षण अमेरिकी युद्धपोत के खिलाफ किया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया कि परीक्षण में इस्तेमाल हथियार वास्तव में कासिम बशीर ही था या नहीं।
ईरानी मीडिया ने कासिम बशीर मिसाइल के परीक्षण को बड़ी कामयाबी के तौर पर पेश किया। इस मिसाइल को पिछले साल पेश किया गया था और इसकी मारक क्षमता कम से कम 1,200 किलोमीटर बताई गई है।
अमेरिका का दावा- ईरान ने पहले दागी थीं मिसाइलें
अमेरिका का कहना है कि ईरान ने शनिवार को उसके युद्धपोतों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान के तीन तेल टैंकरों को निशाना बनाया। अमेरिकी नौसेना के मुताबिक, उसके युद्धपोत ईरानी हमलों से बच निकलने में सफल रहे।
वहीं, व्हाइट हाउस ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास बहिष्करण क्षेत्र बनाने की मोहसिन रेजाई की योजना को खारिज कर दिया है। अमेरिका का कहना है कि यह महत्वपूर्ण जलमार्ग खुला रहेगा और उस पर उसका नियंत्रण बना रहेगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ा तनाव
अमेरिका के मुताबिक, उसकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगें हटाई हैं। अमेरिका का दावा है कि इसके बाद ईरान के अलावा दूसरे बंदरगाहों की ओर जाने वाले तेल टैंकरों की आवाजाही बढ़ेगी।
हालांकि, ईरान चाहता है कि जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाज तेहरान द्वारा तय किए गए मार्ग का इस्तेमाल करें। इस बीच वैश्विक स्तर पर जहाजों की आवाजाही में भारी कमी आई है।
ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी जारी
ईरानी बंदरगाहों को लेकर अमेरिका की नाकेबंदी अब भी जारी है। अमेरिकी सेना के मुताबिक, इस कार्रवाई के चलते 94 वाणिज्यिक जहाजों के मार्ग बदले गए हैं, जबकि तीन जहाजों को निष्क्रिय कर दिया गया है।
फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में ताजा हमलों के बाद क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ने की आशंका है।