ओडिशा-आंध्र के तट पर चक्रवात ‘अकवान’ का खतरा, 100 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

0 33

भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के आज दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में तूफान का असर दिखने लगा है। यहां तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है।

दक्षिण बंगाल में भी भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। समुद्री तूफान के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। दक्षिण-पूर्व रेलवे ने एहतियात के तौर पर आज करीब 28 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। इनमें ज्यादातर ट्रेनें पुरी जाने वाली या इस धार्मिक नगरी से होकर गुजरने वाली हैं।

ओडिशा में 3 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

चक्रवात से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री मोहन माझी ने तूफान से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की है। राज्य के 20 जिलों से 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने 9,341 चक्रवात आश्रय केंद्र तैयार रखे हैं। इसके अलावा राहत और बचाव कार्यों के लिए 418 दलों को तैनात किया गया है।

चार राज्यों में चक्रवात का असर, जानें कहां क्या अलर्ट

  • ओडिशा: तटीय जिलों में भारी बारिश हो रही है। 20 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

  • आंध्र प्रदेश: 10 से ज्यादा जिलों में अलर्ट जारी है। मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है। 50 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

  • तेलंगाना: बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

  • छत्तीसगढ़: कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

गोपालपुर के आसपास तट से टकराने की सबसे ज्यादा आशंका

ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने गुरुवार को बताया था कि राज्य सरकार पिछले कई दिनों से चक्रवात की गतिविधियों पर नजर रख रही है। शुरुआती अनुमान में तूफान की दिशा कुछ और थी, लेकिन बुधवार से इसके रुख में बदलाव आया और यह ओडिशा की ओर बढ़ने लगा।

भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात के ओडिशा के गंजाम जिले में गोपालपुर के आसपास तट से टकराने की सबसे अधिक संभावना है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तेज झोंकों के साथ इनकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.