हापुड़: गंगा एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बदायूं से दिल्ली जा रही थार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। सिंभावली थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव के पास हुए इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
रात करीब साढ़े 12 बजे बिगड़ा वाहन का संतुलन
जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के पालपुर गांव निवासी जोगिंदर सिंह दिल्ली में पॉलिथीन का काम करते थे। रविवार देर रात वह अपने पड़ोस के रवि ठाकुर निवासी प्रदालपुर, सुखविंदर, नेवली गांव निवासी जसवंत और विष्णु के साथ थार गाड़ी से बदायूं से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
रात करीब 12:30 बजे उनकी गाड़ी सिंभावली थाना क्षेत्र में हाजीपुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंची। इसी दौरान वाहन चला रहे जोगिंदर सिंह का संतुलन बिगड़ गया और थार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई।
चार लोगों की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
हादसा इतना भीषण था कि जोगिंदर सिंह, रवि ठाकुर, सुखविंदर और जसवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने घायल विष्णु को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर भी चार लोगों की गई जान
उधर, ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक अलग सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, नोएडा की ओर से आगरा जा रहा एक ट्रक जेवर थाना क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित हो गया।
ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए एक कार से जा टकराया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची जेवर थाना पुलिस और अन्य संबंधित टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया।
ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि शुरुआती तौर पर हादसे की वजह ट्रक का अनियंत्रित होना सामने आई है। हालांकि, ट्रक किन परिस्थितियों में नियंत्रण से बाहर हुआ और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।