गणेशोत्सव पर मुंबईकरों को बड़ी राहत, 11 से 27 सितंबर तक इन रास्तों पर नहीं देना होगा टोल, जानें पास का पूरा नियम

0 17

मुंबई: गणेशोत्सव के दौरान मुंबई से कोंकण और कोल्हापुर अपने घर जाने वाले गणेश भक्तों को महाराष्ट्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक चुनिंदा मार्गों से कोंकण जाने वाले मुंबईकरों के वाहनों को टोल टैक्स से छूट मिलेगी। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए वाहनों पर “गणेशोत्सव 2026 कोंकण दर्शन” पास लगाना अनिवार्य होगा। इस अवधि में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों को भी टोल से छूट दी जाएगी।

इन रास्तों पर मिलेगी टोल माफी

सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले के मुताबिक, मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग-48 और मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के अलावा सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल के तहत आने वाले कोंकण जाने वाले संबंधित मार्गों पर टोल माफी लागू रहेगी। अटल सेतु के रास्ते कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों के वाहन भी इस सुविधा के दायरे में होंगे।

टोल माफी वाले प्रमुख मार्गों में मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग-66, मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग-48 और अटल सेतु शामिल हैं। अटल सेतु के जरिए मुंबई से सीधे नवी मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर भी गणेश भक्तों को टोल छूट का लाभ मिलेगा।

टोल फ्री सफर के लिए पास जरूरी

सरकार की ओर से “गणेशोत्सव 2026 कोंकण दर्शन” नाम से विशेष स्टिकर या पास उपलब्ध कराया जाएगा। इस पास पर वाहन का नंबर और चालक का नाम दर्ज होगा। इसे पुलिस थानों, यातायात पुलिस चौकियों और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। खास बात यह है कि यह पास वापसी के सफर के दौरान भी मान्य रहेगा।

एसटी बसों को भी मिलेगी टोल से छूट

गणेशोत्सव के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों से कोंकण और कोल्हापुर जाने वाली महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों को भी टोल माफी दी जाएगी। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और टोल नाकों पर संभावित जाम को देखते हुए पुलिस, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय के साथ विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने बताया आस्था और सुविधा से जुड़ा फैसला

सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने कहा कि गणेशोत्सव महाराष्ट्र की आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। कोंकण स्थित अपने गांवों में जाकर गणपति बाप्पा का स्वागत करने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम और आनंददायक रहे और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसी उद्देश्य से टोल माफी का फैसला लिया गया है।

मुंबई के गणपति मंडल ने कराया 703.27 करोड़ का बीमा

मुंबई के बहुचर्चित जीएसबी सेवा मंडल ने गणेशोत्सव के दौरान 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कराया है। यहां स्थापित महागणपति को 66 किलोग्राम सोने और 335 किलोग्राम चांदी से सजाया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.