थाने के गेट पर महिला सिपाही को लगी गोली, गले को चीरते हुए सिर से निकली बुलेट; ड्यूटी के दौरान हुई दर्दनाक मौत
कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में मंगलवार सुबह महिला थाने के गेट पर ड्यूटी कर रही महिला कांस्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। गोली उसके गले में लगी और सिर को चीरते हुए बाहर निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे साथी पुलिसकर्मियों ने महिला सिपाही प्रियंका यादव को गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा देखा। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रियंका यादव ने पिछले साल ही पुलिस बल में सेवा शुरू की थी।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, सीसीटीवी फुटेज खंगाली
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, डीएसपी सौरभ सामंत समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी सुरक्षित कर लिया है।
पहरा ड्यूटी के दौरान अचानक चली गोली
डीएसपी के अनुसार, प्रियंका यादव महिला थाने में पहरा ड्यूटी पर तैनात थीं। सुबह अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो प्रियंका गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उनके पास सरकारी राइफल मौजूद थी। हालांकि, राइफल से गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
आत्महत्या या गलती से फायर? दोनों पहलुओं पर जांच
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला कांस्टेबल ने खुद को गोली मारी या सरकारी राइफल से गलती से फायर हुआ। जांच में सभी संभावित पहलुओं को शामिल किया गया है। घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के साथ ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।
कमरे की तलाशी में नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने महिला सिपाही के कमरे की भी तलाशी ली है, लेकिन अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गोली किस परिस्थिति में चली और महिला कांस्टेबल की मौत की वास्तविक वजह क्या थी।