नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से कई इलाकों में अफरातफरी की स्थिति बन गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
उत्तराखंड में था भूकंप का केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, दिल्ली-NCR में महसूस किए गए भूकंप का केंद्र उत्तराखंड में था। मंगलवार रात करीब 10 बजकर 22 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 4.9 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन के करीब 13 किलोमीटर नीचे बताया गया है।
भूकंप के झटके महसूस होते ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में लोग सतर्क हो गए। कई स्थानों पर लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
24 घंटे में तीन राज्यों में महसूस हुए भूकंप के झटके
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के तीन राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। मंगलवार तड़के सुबह 4 बजकर 23 मिनट पर असम के नागांव जिले में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया था।
इसके कुछ मिनट बाद सुबह 4 बजकर 27 मिनट पर मणिपुर के तामेंगलोंग में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 2.9 दर्ज की गई थी और भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 12 किलोमीटर की गहराई में था।