दिल्ली समेत कई राज्यों में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, भारी बारिश के साथ 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

0 21

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 9 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम में इस बदलाव के पीछे कम दबाव का क्षेत्र और अलग-अलग इलाकों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण को प्रमुख वजह माना जा रहा है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिरने की आशंका है। लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है। समुद्र में भी ऊंची लहरें उठने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को खराब मौसम के दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में कुछ इलाकों में बारिश के आसार

नई दिल्ली में 9 सितंबर को कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, गौतम बुद्ध नगर, कानपुर, मिर्जापुर, देवरिया, शाहजहांपुर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, बलरामपुर, बहराइच, वाराणसी, रामपुर, सोनभद्र और गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बिहार में आंधी के साथ तेज बारिश की चेतावनी

बिहार में पटना, गया, पूर्णिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, मधुबनी और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी आने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और भरतपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ा भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश और चमोली समेत कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, बिलासपुर और किन्नौर में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं और बारिश के चलते इन क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

इन राज्यों में भी बिगड़ा रहेगा मौसम

मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.