नवरात्र में विंध्याचल से लौट रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 की मौत; 4 गंभीर घायल

0 30

वाराणसी: नवरात्र की अष्टमी पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर लौट रहे लोगों के साथ वाराणसी में दर्दनाक हादसा हो गया। मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार लोग फ्लाईओवर पर गाड़ी रोककर तस्वीरें खींच रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

फ्लाईओवर पर तस्वीरें खींच रहे थे लोग, तभी पीछे से आ गया ट्रक

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार आठ लोग नवरात्र की अष्टमी पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए मिर्जापुर के विंध्याचल गए थे। दर्शन करने के बाद सभी सोमवार तड़के वाराणसी लौट रहे थे। रास्ते में सुबह का नजारा देखने और तस्वीरें खींचने के लिए वे वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर मिर्जामुराद के रूपापुर फ्लाईओवर पर रुक गए।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो और उसके आसपास मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। अचानक हुई इस घटना से आसपास अफरातफरी मच गई।

चार लोगों की मौत, घायलों को ट्रामा सेंटर भेजा गया

हादसे की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस घायलों से पूछताछ कर मृतकों और अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बलरामपुर में भी कार ने सात लोगों को कुचला, तीन की मौत

इससे पहले शनिवार रात बलरामपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के बेलहा चरनगहिया गांव में भी भीषण सड़क हादसा हुआ था। यहां दुर्गा मंदिर के बाहर प्रोजेक्टर पर धार्मिक फिल्म देख रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। इनमें से एक की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने कार चालक प्रदीप यादव और उसके साथी आदर्श यादव को गिरफ्तार किया है।

क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के मुताबिक, दोनों सीतापुर से बलरामपुर होते हुए सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज में आयोजित जन्मदिन समारोह में जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दोनों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

बलरामपुर हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.