पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां सावित्री देवी! चंडी घाट पर नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, भावुक नजर आए मुख्यमंत्री

0 31

हरिद्वार: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का पार्थिव शरीर शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। हरिद्वार के चंडी घाट पर पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार भावुक नजर आए। मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखें नम हो गईं।

चंडी घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, योग गुरु बाबा रामदेव, गोरखपुर के सांसद रवि किशन सहित कई संत और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंतिम विदाई के लिए घाट पर बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे।

शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में हुआ था निधन

सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पैतृक गांव पंचूर में 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के बीच ही सांसद रवि किशन ने उन्हें मां के निधन की सूचना दी।

कार्यक्रम पूरा करने के बाद योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। वहां मां के पार्थिव शरीर को देखकर वह भावुक हो गए और पूरी रात उनके पास रहे। शनिवार सुबह श्रद्धांजलि देते समय भी उनकी आंखें भर आईं।

पंचूर से हरिद्वार पहुंची अंतिम यात्रा

शनिवार सुबह पंचूर गांव से सावित्री देवी की अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। चंडी घाट पर अंतिम संस्कार के लिए सुरक्षा सहित सभी जरूरी तैयारियां की गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। संतों और ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया, जिसके बाद पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी घाट पर मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.