पत्नी की हत्या कर सिर फ्रिज में रखा, आरोपी पति बोला- कोई पछतावा नहीं; जेल से छूटकर ‘शुगर डैडी’ को भी मारने की धमकी
गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हाटीगांव इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव का सिर काटकर फ्रिज में रख दिया। आरोपी ने बाद में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान उसने अपने किए पर पछतावा होने से इनकार किया और कथित तौर पर धमकी दी कि जेल से बाहर आने के बाद वह उस व्यक्ति को भी मार देगा, जिसे वह अपनी पत्नी का शुगर डैडी बताता है।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार गोस्वामी के रूप में हुई है। परिजनों के फोन का जवाब नहीं मिलने के बाद पुलिस हाटीगांव स्थित उनके किराए के घर पहुंची। घर के अंदर रिया का धड़ कमरे में पड़ा मिला, जबकि उसका कटा हुआ सिर काले प्लास्टिक बैग में लपेटकर फ्रिज में रखा गया था। आरोपी ने कथित तौर पर रिया की कुछ उंगलियां भी काट दी थीं।
छह महीने पहले हुई थी दोनों की शादी
आरोपी की पहचान रामानुज गोस्वामी के रूप में हुई है। वह उबर चालक है। रामानुज और रिया की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी और दोनों हाटीगांव में किराए के मकान में रहते थे। जांच के दौरान पुलिस को एक बड़ा धारदार चाकू भी मिला है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिया की हत्या शव बरामद होने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई थी। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।
‘कोई पछतावा नहीं, माफी भी नहीं मांगूंगा’
एक वायरल वीडियो में आरोपी पति रामानुज यह कहते हुए नजर आ रहा है कि उसे रिया की हत्या करने का कोई पछतावा नहीं है। उसने माफी मांगने से भी इनकार किया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर जा रही थी, तभी उसने कथित तौर पर धमकी दी कि जेल से बाहर आने पर वह उस व्यक्ति की भी हत्या करेगा, जिसे वह अपनी पत्नी का शुगर डैडी बताता है।
अफेयर को लेकर अक्सर होता था विवाद
डीसीपी ईस्ट तब्बू राम पेगू के मुताबिक, रामानुज और रिया के बीच कथित अफेयर को लेकर अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, इसी तरह के एक विवाद के दौरान रामानुज ने कथित तौर पर अपना आपा खो दिया और रिया की हत्या कर दी।
जांचकर्ता यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि वारदात के समय आरोपी नशे में था या नहीं। बाद में हुई चिकित्सकीय जांच में उसके एचआईवी और हेपेटाइटिस सी से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। बताया गया है कि आरोपी को 20 से अधिक बार पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जा चुका था।