पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी एंबुलेंस! खड़ी पिकअप में पीछे से मारी टक्कर, 5 लोगों की मौके पर मौत

0 37

बाराबंकी: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की जान चली गई। लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरावां गांव के पास 53.3वें किलोमीटर पर खड़ी पिकअप में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस में सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना सुबह करीब साढ़े छह बजे एक राहगीर ने पुलिस के 112 कंट्रोल रूम को दी। उसने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस खड़ी पिकअप से टकरा गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में फंसे सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।

जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी एंबुलेंस

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।

सुबेहा थाना निरीक्षक बेचू सिंह ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की। प्रभारी पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और हैदरगढ़ क्षेत्राधिकारी समीर सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

चार मृतकों की पहचान, चालक भी हादसे का शिकार

हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडे के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों में से चार की पहचान कर ली गई है। इनमें राजस्थान के अलवर जिले के पीपल खेड़ा निवासी जय सिंह के पुत्र हरि ओम योगी, पश्चिम बंगाल के कूचबिहार क्षेत्र के अमीनूर हक पुत्र अब्दुल हुसैन और रूपिक पुत्र अब्दुल रहमान शामिल हैं। राजस्थान के जयपुर स्थित जवाहर नगर कच्ची बस्ती निवासी मकबूल खान पुत्र शुमान की भी पहचान हुई है।

पांचवें मृतक की पहचान एंबुलेंस चालक आलम के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के सुल्तानगंज क्षेत्र का निवासी था। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.