प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचा मेरठ का परिवार, हाथ में बेटे की तस्वीर लेकर मां ने लगाई गुहार; 2 साल से लापता है प्रिंस

0 21

वृंदावन: मेरठ का एक परिवार अपने लापता बेटे प्रिंस की तलाश में सोमवार को वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचा। बेटे की तस्वीर हाथ में लेकर नेत्रपाल और उनकी पत्नी पूनम ने उसकी सकुशल वापसी की गुहार लगाई। परिजनों का कहना है कि 10 मई 2024 को एकांतिक वार्ता के लिए प्रिंस अकेले आश्रम के अंदर गया था, लेकिन वार्ता खत्म होने के बाद वह बाहर नहीं आया। पुलिस से शिकायत के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।

मेरठ के इंद्रपुरम, थाना प्रतापपुर निवासी नेत्रपाल ने बताया कि उनका बेटा नीट की परीक्षा देने के बाद 8 मई 2024 को उनके साथ वृंदावन आया था। अगले दिन लाइन में लगने के बाद 10 मई को उसे एकांतिक वार्ता के लिए पास मिला था। इस दौरान प्रिंस अकेले आश्रम के अंदर गया था।

एकांतिक वार्ता के बाद नहीं लौटा प्रिंस

पूनम ने बताया कि वार्ता खत्म होने के बाद परिवार के अन्य सदस्य बाहर आ गए, लेकिन प्रिंस वापस नहीं आया। उन्होंने आश्रम के साधकों को इसकी जानकारी दी और बेटे की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मथुरा पुलिस से भी शिकायत की गई।

परिवार का कहना है कि बेटे की तलाश में वे लगातार मेरठ और वृंदावन के बीच चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक प्रिंस का पता नहीं चला है। परिजनों को उम्मीद है कि जिस तरह अनुज और मयंक की सकुशल बरामदगी हुई, उसी तरह उनका बेटा भी एक दिन उन्हें मिल जाएगा।

आश्रम में दीक्षा लेने झारखंड से पहुंचा 17 वर्षीय किशोर

इसी बीच झारखंड का 17 वर्षीय किशोर भी घरवालों को बिना बताए वृंदावन पहुंच गया। वह प्रेमानंद महाराज के केलि कुंज आश्रम में पहुंचा और संत से दीक्षा लेने की इच्छा जताई। किशोर की उम्र और परिस्थितियों को देखते हुए आश्रम प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस किशोर को सुरक्षित रमणरेती पुलिस चौकी ले गई और इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क किया गया।

मेरठ के परिवार से भक्तों की नोकझोंक

लापता प्रिंस की तलाश में आश्रम के बाहर पहुंचे मेरठ के परिवार को सोमवार को वहां मौजूद भक्तों की भीड़ से नोकझोंक का सामना भी करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस ने अभद्रता करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया। पिछले दो दिनों से आश्रम के बाहर इसी तरह का माहौल बना हुआ है।

पत्रकार का पुतला फूंका, संत की छवि खराब करने का आरोप

सोमवार को डिजिटल मंच पर चैनल चलाने वाले एक पत्रकार का संत प्रेमानंद महाराज के भक्तों ने पुतला भी फूंका। भक्तों का आरोप है कि पत्रकार प्रेमानंद महाराज की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

संत प्रेमानंद महाराज के दीक्षित साधक रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद सामने आ रही खबरों को लेकर भक्तों में आक्रोश बताया जा रहा है।

दिनेश फलाहारी ने उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग

संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम को लेकर चल रहे विवाद के बीच श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दो गुटों में बंटे आश्रम के शिष्य परिकर की ओर से प्रचार के लिए पैसे देकर एक मशहूर हस्ती को आश्रम बुलाया गया था।

दिनेश शर्मा फलाहारी ने आश्रम से जुड़े लोगों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.