बेसमेंट में खुदाई बनी दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे की वजह? पिलर खिसकने से भरभराकर गिरी इमारत, CM रेखा गुप्ता बोलीं- दोषियों को नहीं बख्शेंगे

0 30

नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर राहत और बचाव अभियान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इमारत में निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था और शुरुआती जानकारी में बेसमेंट में खुदाई के दौरान एक पिलर खिसकने की बात सामने आई है। इसके बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला जा चुका है।

बेसमेंट में खुदाई के दौरान खिसका पिलर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इमारत काफी पुरानी थी और उसमें निर्माण एवं नवीनीकरण का काम चल रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बेसमेंट में खुदाई के दौरान एक पिलर खिसक गया, जिसके बाद पूरी इमारत ढह गई।

बताया गया है कि इस भवन का इस्तेमाल पीजी के तौर पर किया जा रहा था और हादसे के वक्त अंदर बच्चे भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने एम्स जाकर घायलों की स्थिति का भी जायजा लिया।

मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

हादसे के बाद एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे में किसी और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान जारी है। बचाव दल की कोशिश है कि मलबे के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

अब तक 4 लोगों की मौत

मुख्यमंत्री के मुताबिक, हादसे में अब तक 11 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। मृतकों में छात्र युवराज, एक अज्ञात मजदूर और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। युवराज और अज्ञात मजदूर को एम्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज

हादसे में घायल छात्र अभिषेक, नीरज और आदित्य का एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। एक अज्ञात छात्र का इलाज आरआर अस्पताल में जारी है। मजदूर असगर अली का एम्स ट्रॉमा सेंटर और अयान का सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत भी स्थिर बताई गई है।

CM रेखा गुप्ता ने कहा- दोषियों को नहीं बख्शेंगे

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे इमारत का मालिक हो या कोई अधिकारी, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की जान बचाना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.