नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तामिलागा वेत्री कझगम यानी टीवीके के नेता सी जोसेफ विजय की पार्टी का दायरा राज्य से बाहर बढ़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। पश्चिम बंगाल के पूर्व वर्धमान के फागूपुर में टीवीके के नाम से एक कार्यालय खोले जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, पार्टी ने आधिकारिक तौर पर पश्चिम बंगाल में संगठन विस्तार या कार्यालय खोलने का ऐलान नहीं किया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब टीवीके के नेता और मंत्री विजय को प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के तौर पर पेश कर रहे हैं। देश में 2029 में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, इसलिए बंगाल में पार्टी के नाम से कार्यालय खुलने की खबर को राजनीतिक तौर पर भी देखा जा रहा है।
फागूपुर में खुला दफ्तर, चैताली रॉय को बनाया गया संयोजक
रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को पूर्व वर्धमान के फागूपुर में टीवीके के नाम से कार्यालय शुरू किया गया। पश्चिम बंगाल में चैताली रॉय को संयोजक बनाए जाने की भी जानकारी सामने आई है। बताया गया कि कार्यालय के उद्घाटन में कई जिलों के कार्यकर्ता शामिल हुए।
हालांकि, टीवीके ने इस गतिविधि से औपचारिक रूप से दूरी बनाए रखी है। पार्टी की ओर से फिलहाल तमिलनाडु से बाहर संगठन के विस्तार की कोई आधिकारिक योजना घोषित नहीं की गई है। पार्टी की ओर से बंगाल में सक्रिय लोगों को शुभकामनाएं दिए जाने की बात भी सामने आई है।
तमिलनाडु से निर्देश मिलने का दावा
मीडिया रिपोर्ट्स में टीवीके नेताओं के हवाले से दावा किया गया है कि तमिलनाडु से राज्यों में सामाजिक गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश मिले हैं। बंगाल में भी इसी के तहत सामाजिक कार्यों के जरिए संगठन को सक्रिय करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय नेताओं के मुताबिक, आने वाले दिनों में जिले के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। चैताली रॉय के मुताबिक, शुरुआत में सोशल मीडिया के जरिए प्रचार किया जाएगा और इसके बाद लोगों की समस्याएं सुनने के लिए जनसंपर्क अभियान पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने शिक्षा और रोजगार को संगठन की प्राथमिकताओं में बताया। साथ ही कहा कि टीवीके बंगाल में चुनाव लड़े, यह उनकी इच्छा है, लेकिन अंतिम फैसला जनता की प्रतिक्रिया और शीर्ष नेतृत्व के निर्णय पर निर्भर करेगा।
क्या बंगाल जाएंगे विजय?
चैताली रॉय के हवाले से कहा गया है कि फिलहाल विजय तमिलनाडु में होने वाले उपचुनावों में व्यस्त हैं। अगर वहां पार्टी को सफलता मिलती है तो उनके पश्चिम बंगाल आने की उम्मीद है। रॉय ने बंगाल में टीवीके के समर्थकों की संख्या 5 हजार से अधिक होने का दावा भी किया है।
हालांकि, विजय या टीवीके की ओर से पश्चिम बंगाल में उनके दौरे को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। तमिलनाडु की मधुरांतकम और धारापुरम सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना होनी है।
केरल में भी सामने आ चुकी हैं ऐसी खबरें
तमिलनाडु से बाहर टीवीके की गतिविधियों को लेकर इससे पहले केरल से भी खबरें सामने आ चुकी हैं। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद वायनाड जिले में पार्टी का कार्यालय खोलने के लिए आवेदन किए जाने की खबरें आई थीं।
इसके बाद पलक्कड़ जिले में 13 सितंबर को टीवीके के नाम से कार्यालय खुलने की खबर सामने आई। हालांकि, इन मामलों में भी पार्टी की ओर से तमिलनाडु से बाहर औपचारिक संगठन विस्तार की घोषणा नहीं की गई थी।
क्या 2029 लोकसभा चुनाव से जुड़ा है मामला?
पश्चिम बंगाल में टीवीके के नाम से कार्यालय खुलने की खबर ऐसे समय सामने आई है जब पार्टी के कुछ नेता विजय को प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के तौर पर पेश कर रहे हैं। 2029 में लोकसभा चुनाव होने हैं और विजय को लेकर पार्टी नेताओं की ऐसी टिप्पणियां पहले भी सामने आती रही हैं।
फिलहाल बंगाल में कार्यालय खुलने की गतिविधि को टीवीके की आधिकारिक राजनीतिक विस्तार योजना माना जाए या स्थानीय समर्थकों की पहल, इस पर पार्टी की ओर से स्पष्ट घोषणा का इंतजार है।