यूपी चुनाव के लिए भाजपा का बड़ा संगठनात्मक दांव, 6 राज्यों के महामंत्रियों को सौंपी छह क्षेत्रों की कमान; मथुरा से तय होंगे मुद्दे और नारे

0 27
मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने छह राज्यों के संगठन महामंत्रियों को यूपी के छह संगठनात्मक क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। ये नेता चुनाव तक अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों और अभियान की निगरानी करेंगे। मंगलवार को मथुरा के परखम स्थित दीनदयाल गो-अनुसंधान केंद्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में इन सभी की पहली बैठक हुई। इसी बैठक में चुनाव के मुद्दों और नारों को लेकर भी रणनीति तय की गई। इनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा सबसे प्रमुख बताया जा रहा है।

भाजपा ने संगठनात्मक रूप से उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों में बांटा है। इनमें पश्चिम, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र शामिल हैं। इनकी जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, छत्तीसगढ़ के करमवीर सिंह, राजस्थान के अजय कुमार, महाराष्ट्र के सतीश धोंड, झारखंड के पवन साईं और आंध्र प्रदेश के संगठन महामंत्री एन. मधुकर को दी गई है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि से लेकर कानून-व्यवस्था तक होंगे चुनावी मुद्दे

मथुरा के परखम में हुई योजना बैठक में मिशन-2027 के लिए पार्टी के प्रमुख चुनावी मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि, जेन-जी यानी युवा, यूजीसी, प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास जैसे विषय शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा चुनाव प्रचार में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बैठक में यह भी तय हुआ कि राम मंदिर निर्माण को सामने रखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान के विषय को उठाया जाएगा। हालांकि, पार्टी के नेता इस बात का ध्यान रखेंगे कि मामला अदालत में विचाराधीन है और इस पर बयान देते समय कानूनी स्थिति का ख्याल रखा जाए।

इस मुद्दे पर पार्टी के कई नेता पहले ही खुलकर अपनी राय रख चुके हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को इस विषय पर बयान दिया था और अखिलेश यादव को चुनौती भी दी थी। भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी पत्रकारों के सामने श्रीकृष्ण जन्मस्थान को लेकर अपनी बात रखी थी।

नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की भी बनी रणनीति

चुनावी मुद्दों के साथ भाजपा ने संगठन के भीतर नाराजगी दूर करने पर भी जोर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में माना गया कि कुछ पुराने कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं और उनकी नाराजगी चुनावी तैयारियों को प्रभावित कर सकती है।

विधान परिषद चुनावों में भी कार्यकर्ताओं की अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखने की बात सामने आई थी। इसे देखते हुए तय किया गया कि चुनाव से पहले नाराज कार्यकर्ताओं से बातचीत की जाएगी और उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

पार्टी नेताओं को निर्देश दिया गया कि पुराने और नाराज कार्यकर्ताओं को बुलाकर उनकी बात सुनी जाए। जरूरत पड़ने पर कोर कमेटी की बैठक की जाए। जिलाधिकारी और एसएसपी से भी बातचीत कर कार्यकर्ताओं की समस्याओं का निस्तारण कराने पर जोर दिया गया।

कार्यकर्ताओं के दम पर जीत की हैट्रिक का भरोसा

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर चुनाव जीतेगी। पार्टी को भरोसा है कि कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव अभियान में जुटेंगे और भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने में सफल होगी।

मंगलवार की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा सोमवार की बैठक में शामिल रहे 54 नेता भी मौजूद थे। बैठक में कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में भी कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं की अहमियत बताई।

करीब दो घंटे चली चुनावी रणनीति पर चर्चा

भाजपा की योजना बैठक मंगलवार को करीब दो घंटे चली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार से ही दीनदयाल गो-अनुसंधान केंद्र में ठहरे हुए थे। वह सोमवार दोपहर करीब 12:40 बजे हेलीकॉप्टर से केंद्र के हेलीपैड पर पहुंचे थे।

मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे बैठक शुरू हुई, जो तीन बजे संपन्न हुई। इसमें संगठन की जिम्मेदारियों, चुनावी मुद्दों, प्रचार की रणनीति और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.