यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा दांव! 25 लाख नौकरियां और बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार देने का वादा

0 14

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में जनसभा के दौरान पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। इस घोषणापत्र में सामाजिक न्याय के साथ महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं।

25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार

समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र के जरिए युवाओं और बेरोजगारों को खास तौर पर साधने की कोशिश की है। पार्टी ने 25 लाख युवाओं को रोजगार देने और बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये देने का वादा किया है। अखिलेश यादव ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि अच्छे दिन भले ही नहीं आए, लेकिन अब बुरे दिन जाने वाले हैं।

महिलाओं और कर्मचारियों के लिए भी कई बड़े वादे

सपा ने महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने और स्त्री समृद्धि योजना लागू करने का वादा किया है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नौकरियां देने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और सरकारी भर्तियों में आरक्षण का पूरा लाभ सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।

किसानों को लेकर भी पार्टी ने अपने वादों में गन्ना खरीद का भुगतान 24 घंटे के भीतर करने की बात शामिल की है। इन घोषणाओं के जरिए सपा ने समाज के अलग-अलग वर्गों को अपने चुनावी एजेंडे से जोड़ने की रणनीति पेश की है।

अखिलेश के साथ मंच पर नजर आए आजम खान, सुनाया जेल का अनुभव

घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए कहा कि एक वक्त ऐसा था, जब उन्हें और उनके बेटे को एनकाउंटर किए जाने का डर सता रहा था। दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में लाया गया था।

आजम खान ने जेल में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वहां की जिंदगी मौत से भी बदतर थी और उनके साथ अंग्रेजों से भी बुरा व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि वह वोट कटवाने वाले नहीं, बल्कि वोट जुड़वाने वाले हैं और अब अखिलेश यादव के साथ हैं। कार्यक्रम में अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद भी मौजूद रहे।

2022 के घोषणापत्र में किए थे ये बड़े वादे

समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी अपने घोषणापत्र में कई महत्वपूर्ण वादे किए थे। इनमें घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी और लैपटॉप वितरण जैसे मुद्दे शामिल थे। इस बार पार्टी ने रोजगार, आर्थिक सहायता, सामाजिक न्याय और कर्मचारियों के हितों को केंद्र में रखते हुए अपना नया चुनावी एजेंडा सामने रखा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.