यूपी-बिहार से मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर तक आज भारी बारिश का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

0 25

नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में बुधवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 से 31 अगस्त के बीच देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर और पश्चिमी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। कुछ जगहों पर हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है।

27 अगस्त को भी दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर के समय बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन के समय हवाओं की रफ्तार करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश होने की संभावना है। बिहार में अगले तीन दिनों के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कई जगहों पर आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

उत्तराखंड और राजस्थान में भी झमाझम बारिश

उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम में अचानक बदलाव के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश

26 अगस्त को मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। विदर्भ के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इन क्षेत्रों में बारिश का असर कई जगहों पर देखने को मिल सकता है।

पूर्वी भारत में 31 अगस्त तक बारिश के आसार

26 से 31 अगस्त के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में कुछ स्थानों पर गरज के साथ आंधी और बिजली गिर सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई हिस्सों में 26 से 31 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में गरज के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान मौसम पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.