राज्यसभा उम्मीदवारों के ऐलान से पहले बड़ा मंथन, बीएल संतोष आज सीएम योगी से करेंगे मुलाकात; सुल्तानपुर में भी अहम बैठक

0 23

लखनऊ: भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष सोमवार को लखनऊ पहुंचेंगे। राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा से ठीक पहले उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होने वाली मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात के बाद बीएल संतोष सुल्तानपुर के लिए रवाना होंगे, जहां काशी क्षेत्र में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच समन्वय बैठक होगी।

भाजपा ने अभी तक उत्तर प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है। छह अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख है। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी सोमवार को किसी भी समय अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर सकती है। इसी वजह से घोषणा से ठीक पहले होने वाली बीएल संतोष और मुख्यमंत्री योगी की मुलाकात को राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर मुकाबला

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है। इनमें सात सीटों पर भाजपा और दो सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत तय मानी जा रही है। भाजपा आठवीं सीट और सपा तीसरी सीट पर भी दावेदारी की तैयारी में हैं। विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा यह चुनाव दोनों दलों के लिए अपनी ताकत दिखाने का अहम मौका माना जा रहा है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर दोनों ही खेमों में क्रॉस वोटिंग की चर्चाएं भी चल रही हैं। पिछले राज्यसभा चुनाव में लगे झटके के बाद समाजवादी पार्टी अब पलटवार की तैयारी में जुटी है। ऐसे में उम्मीदवारों के चयन से लेकर चुनावी रणनीति तक हर कदम पर पार्टी नेतृत्व की नजर बनी हुई है।

सुल्तानपुर में भाजपा-संघ की समन्वय बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद बीएल संतोष सुल्तानपुर जाएंगे। वहां काशी क्षेत्र में भाजपा और संघ की समन्वय बैठक में वह हिस्सा लेंगे। यह बैठक अवध क्षेत्र की समन्वय बैठक के बाद होनी थी, लेकिन कुछ कारणों से उस समय इसे टाल दिया गया था।

बैठक में भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शामिल होंगे। वहीं संघ की ओर से सह सरकार्यवाह अरुण कुमार बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

चुनाव की तैयारी पर फीडबैक ले रहे बीएल संतोष

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीएल संतोष पिछली समन्वय बैठकों में लगातार रणनीति पर जोर देते रहे हैं। पार्टी की चुनावी तैयारी, सकारात्मक पहलू, कमजोरियां और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है, इन सभी मुद्दों पर पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जा रहा है।

बीएल संतोष सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी लगातार चर्चा कर रहे हैं। संगठन से मिले फीडबैक के आधार पर आगामी चुनाव के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

20 अक्टूबर के बाद हो सकती है प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बड़ी बैठक भी प्रस्तावित है। इसके 20 अक्टूबर के बाद आयोजित होने की संभावना है। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

पिछली समन्वय बैठकों में बीएल संतोष ने फीडबैक के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और जल्द ही बड़ी बैठक आयोजित करने की बात कही थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.