रेलवे जेई भर्ती की परीक्षा सिटी स्लिप जारी, 4029 पदों पर होगी भर्ती; 27-28 अक्टूबर को परीक्षा, जानें जरूरी नियम
प्रयागराज: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने जूनियर इंजीनियर (जेई) समेत कुल 4,029 पदों पर भर्ती के लिए पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा की परीक्षा शहर सूचना पर्ची जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत डिपो सामग्री अधीक्षक और रासायनिक एवं धातुकर्म सहायक के पद भी शामिल हैं। परीक्षा 27 और 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी अपने परीक्षा शहर की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर देख सकते हैं।
आरआरबी प्रयागराज के तहत 341 पद शामिल
रेलवे की इस भर्ती में आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत कुल 341 पद निर्धारित किए गए हैं। यहां से चयनित अभ्यर्थियों को उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे के विभिन्न मंडलों तथा रेलवे कार्यशालाओं में नियुक्त किया जाएगा। भर्ती के जरिए संबंधित पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
परीक्षा से चार दिन पहले डाउनलोड होंगे प्रवेश पत्र
रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार, अभ्यर्थी परीक्षा शहर की सूचना पर्ची के माध्यम से अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, परीक्षा में शामिल होने के लिए ई-प्रवेश पत्र परीक्षा की निर्धारित तारीख से चार दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे समय रहते अपनी परीक्षा संबंधी जानकारी जांच लें।
परीक्षा केंद्र पर आधार कार्ड ले जाना अनिवार्य
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को अपना मूल आधार कार्ड साथ लेकर जाना होगा। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्धारित पहचान पत्र साथ रखना जरूरी है।
समस्या होने पर इस हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
परीक्षा या भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी और सहायता के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर 9513166371 जारी किया है। अभ्यर्थी इस नंबर पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।