लखनऊ में प्लॉट-फ्लैट का इंतजार खत्म! नैमिष नगर और वरुण विहार योजना का आज शुभारंभ, 4526 भूखंडों के लिए खुलेगा पंजीकरण

0 21

लखनऊ: राजधानी में अपना प्लॉट या फ्लैट लेने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ विकास प्राधिकरण की नैमिष नगर और वरुण विहार योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। शाम चार बजे दोनों टाउनशिप योजनाओं का भूमि पूजन होगा और भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही एलडीए की पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी शिलान्यास होगा।

दोनों योजनाओं में कुल 4526 आवासीय भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। पंजीकरण प्रक्रिया 24 सितंबर से 24 अक्टूबर तक एक महीने चलेगी।

वरुण विहार में 2847 भूखंड, कीमत 2800 रुपये प्रति वर्गफुट

आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित की जा रही वरुण विहार योजना में 112.5 वर्ग मीटर से लेकर 450 वर्ग मीटर तक के 2847 भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन भूखंडों की कीमत 2800 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित की गई है।

नैमिष नगर में 1679 भूखंड, 3800 रुपये प्रति वर्गफुट कीमत

सीतापुर रोड पर विकसित की जा रही नैमिष नगर योजना में कुल 1679 भूखंड उपलब्ध होंगे। इनमें 72 वर्ग मीटर के 197, 112.5 वर्ग मीटर के 524, 162.5 वर्ग मीटर के 520, 200 वर्ग मीटर के 299, 288 वर्ग मीटर के 103 और 450 वर्ग मीटर के 30 भूखंड शामिल हैं।

इन भूखंडों की कीमत 3800 रुपये प्रति वर्गफुट तय की गई है। नैमिष नगर और वरुण विहार को 12,600 एकड़ में विकसित किया जा रहा है।

आगरा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा वरुण विहार

वरुण विहार को आगरा एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने की भी तैयारी है। एलडीए ने इसके लिए यूपीडा और शासन को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव के तहत एक्सप्रेसवे से वरुण विहार में प्रवेश के लिए विशेष रैंप बनाया जाएगा।

फिलहाल योजना तक पहुंचने के लिए आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड का इस्तेमाल करना पड़ता है। प्रस्तावित रैंप से लखनऊ या दूसरी दिशा से आने वाले वाहन सीधे वरुण विहार में उतर सकेंगे। हालांकि योजना से वापस लौटते समय लोगों को पहले की तरह सर्विस रोड का इस्तेमाल करना होगा।

एलडीए के अधिकारी के अनुसार इस संबंध में यूपीडा और शासन को पत्र भेजा गया है। एक्सप्रेसवे यूपीडा के अधिकार क्षेत्र में होने के कारण रैंप निर्माण के लिए उसकी अनुमति जरूरी होगी।

आज आयोजन के चलते रहेगा रूट डायवर्जन

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए गुरुवार को क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। वाहन चालकों के लिए कई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

  • आगरा एक्सप्रेसवे अंडरपास से वाहन घुरघुरी तालाब-मोहान रोड या मलिहाबाद होकर जा सकेंगे।
  • खुशहालगंज किसानपथ अंडरपास से वाहन बबुरियाखेड़ा किसानपथ अंडरपास के बजाय घुरघुरी तालाब-मोहान रोड या बुद्धेश्वर होकर जाएंगे।
  • मौंदा चौराहा से वाहन घुरघुरी तालाब-मोहान रोड या बुद्धेश्वर की ओर जा सकेंगे।
  • बबुरियाखेड़ा किसानपथ अंडरपास से वाहन यू-टर्न लेकर आगे बढ़ेंगे।
  • बड़ागांव आगरा एक्सप्रेसवे अंडरपास से वाहन मोहान रोड या बबुरियाखेड़ा किसानपथ अंडरपास होकर जाएंगे।
  • कठहिंगरा आगरा एक्सप्रेसवे अंडरपास से वाहन कठहिंगरा गांव होते हुए घुरघुरी तालाब-मोहान रोड से गुजर सकेंगे।
  • भलिया आगरा एक्सप्रेसवे अंडरपास से वाहन मोहान रोड और घुरघुरी तालाब होकर जा सकेंगे।
  • झलियामऊ आगरा एक्सप्रेसवे अंडरपास से वाहन कठहिंगरा अंडरपास की ओर जा सकेंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.