वाराणसी से दिल्ली के बीच दौड़ेगी देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत, रूट और स्टॉपेज तय; जानें टाइमिंग

0 26

वाराणसी: वाराणसी और नई दिल्ली के बीच देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की तैयारी है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, 31 अक्टूबर को वाराणसी में इसका उद्घाटन किया जा सकता है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। शुरुआत के दिन इसे विशेष ट्रेन के रूप में चलाए जाने की संभावना है। हालांकि, नियमित परिचालन की तारीख और समय-सारिणी को लेकर रेलवे की आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार है।

देश की पहली वंदे भारत ट्रेन भी वाराणसी और नई दिल्ली के बीच शुरू हुई थी। फिलहाल इस रूट पर दो वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत का ठहराव प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी होगा। इन स्टेशनों पर ट्रेन के स्वागत की तैयारियां किए जाने की जानकारी है।

सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन, जानें समय-सारिणी

प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार, नियमित संचालन शुरू होने पर स्लीपर वंदे भारत सप्ताह में छह दिन चलेगी। शनिवार को इसका परिचालन नहीं होगा।

वाराणसी से नई दिल्ली के लिए ट्रेन रात 8:50 बजे रवाना होगी। रात 10:35 बजे यह प्रयागराज पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद कानपुर सेंट्रल के लिए रवाना होगी। अगले दिन सुबह 5:55 बजे ट्रेन नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 4:45 बजे प्रयागराज और सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंचने का प्रस्ताव है। इन समयों में बदलाव संभव है और अंतिम जानकारी रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

16 कोच में 823 यात्रियों के सफर की व्यवस्था

प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत में कुल 16 कोच होंगे और इसमें 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी। ट्रेन में अलग-अलग श्रेणियों के वातानुकूलित स्लीपर कोच रखे गए हैं।

थर्ड एसी (3AC) के 11 कोच होंगे, जिनमें 611 यात्री सफर कर सकेंगे। सेकंड एसी (2AC) के चार कोचों में 188 यात्रियों की क्षमता होगी। वहीं, फर्स्ट एसी (1AC) का एक कोच होगा, जिसमें 24 यात्री सफर कर सकेंगे।

रात के सफर के लिए तैयार की गई स्लीपर वंदे भारत

अब तक वंदे भारत ट्रेनें मुख्य रूप से दिन के सफर के लिए संचालित होती रही हैं। स्लीपर वंदे भारत को खास तौर पर रात में लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इससे यात्रियों को रातभर सफर करते हुए सोने की सुविधा मिलेगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे कोच

स्लीपर वंदे भारत में फर्स्ट एसी, सेकंड एसी और थर्ड एसी की व्यवस्था होगी। लंबी यात्रा के दौरान आराम बढ़ाने के लिए बर्थ में अतिरिक्त कुशनिंग दी गई है। ट्रेन के इंटीरियर को भी आधुनिक रूप दिया गया है।

कोच में सेंसर आधारित स्वचालित दरवाजे, चौड़ी खिड़कियां और आधुनिक बायो-टॉयलेट जैसी सुविधाएं होंगी। इसके अलावा टच-फ्री स्वचालित नल और हैंड वॉशर भी दिए गए हैं। फर्स्ट एसी कोच में गर्म पानी से नहाने के लिए शॉवर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। कोचों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्रा के दौरान बाहर का शोर कम से कम महसूस हो।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.