संविधान दिवस पर मोदी का कांग्रेस पर तीखा वार, OBC आरक्षण और महिला आरक्षण को लेकर लगाए गंभीर आरोप

0 10
नई दिल्ली: संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। प्रधानमंत्री ने अपने लेख में कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ऐसी व्यवस्था के सख्त खिलाफ थे। उन्होंने पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को कांग्रेस पर हमले के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने यह लेख अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया है। इसमें उन्होंने संविधान के महत्व और पिछले एक दशक में अपनी सरकार की ओर से किए गए फैसलों का उल्लेख किया। मोदी ने बताया कि उनकी सरकार ने करीब एक दशक पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। उन्होंने जीएसटी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) के लिए 10 फीसदी आरक्षण से जुड़े संवैधानिक संशोधनों का भी जिक्र किया।

OBC आरक्षण में कटौती का लगाया आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में लिखा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। हमारे संविधान निर्माता, खासकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, इसके पूरी तरह खिलाफ थे।”

देश में मौजूदा व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार की नौकरियों और केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है। प्रधानमंत्री ने इसी मुद्दे को उठाते हुए विपक्ष की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी घेरा

प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में महिलाओं की भूमिका को याद किए बिना इसकी यात्रा अधूरी है। मोदी के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में विधायी संस्थाओं में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया।

उन्होंने इसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति विपक्ष के रवैये से जोड़ते हुए कहा कि देश की महिलाओं को न्याय दिलाने का उनका संकल्प कमजोर नहीं पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि नारीशक्ति को उनका अधिकार दिलाने की कोशिशों को कोई ताकत रोक नहीं सकती।

विपक्ष को बताया ‘अवरोध पक्ष’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका तय है, लेकिन आज विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय बाधाएं खड़ी कर रहा है। उन्होंने लिखा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी विरोध पक्ष से आगे बढ़कर अवरोध पक्ष बनती जा रही है।

मोदी के अनुसार, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में रुकावट डालना संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने का विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने विपक्ष से अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को समझने की बात कही।

‘हथियारी नक्सली खत्म, अब दिमागी नक्सली बचे’

प्रधानमंत्री ने अपने लेख में नक्सलवाद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि दशकों तक देश के कई हिस्सों, विशेषकर आदिवासी इलाकों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर गरीबों को संविधान से मिले अधिकारों से वंचित रखा।

मोदी ने कहा कि इस साल नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है। उनके मुताबिक, अब गरीब से गरीब व्यक्ति भी बिना डर के अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि हथियारबंद नक्सलियों के समाप्त होने के बाद अब केवल ‘दिमागी नक्सली’ बचे हैं, जो देश की विकास यात्रा में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.