चेन्नई: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के नोलांबुर इलाके में मामूली विवाद के बाद 62 वर्षीय प्रवासी मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि नशे में धुत चार युवकों ने सिगरेट देने से इनकार करने पर मजदूर पर लकड़ी के डंडे से हमला किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पास में खड़ी साइकिल भी उठाकर उनके सिर पर मार दी। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पश्चिम बंगाल का रहने वाला था मजदूर
पुलिस के मुताबिक, पश्चिम बंगाल निवासी एन. अभिजीत मंडल नोलांबुर के गजलक्ष्मी नगर में एक निर्माण स्थल पर मजदूरी करते थे। शनिवार रात करीब 10:15 बजे इलाके के चार युवक उनके पास पहुंचे और उनसे सिगरेट मांगी।
सिगरेट देने से इनकार किया तो शुरू कर दी पिटाई
मंडल ने युवकों को सिगरेट देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद चारों युवकों ने जमीन से लकड़ी का डंडा उठाया और मंडल पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने लकड़ी के डंडे से हमला करने के अलावा पास में खड़ी साइकिल भी उठा ली और उससे मजदूर को पीटा। इसके बाद भी चारों युवक उन्हें लगातार मारते रहे।
सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें
हमले में मंडल के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सरकारी किलपॉक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
चारों आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद नोलांबुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वी. वसीगरन (18), आर. अजय (18), एस. गोकुल राज (18) और आर. सबरी के रूप में हुई है।
वारदात के वक्त नशे में थे आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के समय चारों आरोपी नशे में थे। मामूली विवाद के बाद उन्होंने मजदूर पर हमला किया, जिसमें उनकी जान चली गई। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।