सोना ₹8,900 और चांदी ₹13,000 सस्ती, लगातार गिर रहे भाव; 25 अगस्त के बाद से बाजार में बड़ा बदलाव

0 29

दिल्ली: देश की राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। पिछले पांच दिनों में सोने का भाव 8,900 रुपये यानी 5.30 प्रतिशत तक टूट चुका है। इसके बाद 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत घटकर 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है। वहीं, चांदी के भाव में भी 1 सितंबर तक 13,000 रुपये प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

25 अगस्त को 1,67,100 रुपये था सोने का भाव

दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में आखिरी तेजी 25 अगस्त को देखने को मिली थी। उस दिन सोना 2,700 रुपये चढ़कर 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। यह लगातार चौथा कारोबारी दिन था, जब सोने के भाव में बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद से कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

26 अगस्त से लगातार गिरावट

25 अगस्त के बाद सोने के भाव में हर कारोबारी दिन गिरावट देखने को मिली। 26 अगस्त को कीमत 600 रुपये घटकर 1,66,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। 27 अगस्त को इसमें 800 रुपये की और गिरावट आई और भाव 1,65,700 रुपये रह गया। 28 अगस्त को सोना 3,300 रुपये टूटकर 1,62,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसके बाद 31 अगस्त को कीमत 1,500 रुपये घटकर 1,60,900 रुपये और 1 सितंबर को 2,700 रुपये की गिरावट के साथ 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई।

आखिर क्यों लगातार गिर रहा है सोना?

सोने की कीमतों पर इस समय कई दबाव बने हुए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच हालिया तनाव के बाद कच्चे तेल के दाम में तेज उछाल आया है। इससे वैश्विक स्तर पर महंगाई को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे माहौल में निवेशकों का ध्यान ब्याज दरों से जुड़े परिदृश्य पर केंद्रित हो गया है। इसके अलावा, वैश्विक बाजार में भारी बिकवाली ने भी सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ाया है।

चांदी भी 13,000 रुपये तक टूटी

सोने के साथ चांदी के भाव में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। 24 अगस्त को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी लगातार तीसरे दिन मजबूत होकर 2,53,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। उस समय चांदी चार महीने के उच्चतम स्तर पर थी। इसके बाद कीमतों में लगातार कमजोरी आई और 1 सितंबर को कारोबार खत्म होने तक चांदी 13,000 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो चुकी थी। 1 सितंबर को ही चांदी के भाव में 5,000 रुपये की गिरावट आई और कीमत 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.