अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा बदलाव, पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने पहले सीईओ; 3 नए ट्रस्टी भी नियुक्त

0 40

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित करने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा फैसला लिया है। ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को मंदिर का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को नए ट्रस्टी बनाया गया है।

जितेंद्र मिश्रा अब राम मंदिर की दैनिक प्रशासनिक व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे। बड़े संस्थानों के संचालन और लंबे सैन्य अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।

सीईओ के लिए तीन नामों का पैनल आया था

मुख्य कार्यपालक अधिकारी के चयन के लिए गठित समिति ने ट्रस्ट के सामने तीन नामों का पैनल रखा था। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय, बिहार के पूर्व डीजीपी डॉ. परेश सक्सेना और पूर्व आईएएस दिनेश चंद्र के नाम शामिल थे। ट्रस्ट ने विचार-विमर्श के बाद जितेंद्र मिश्रा के नाम को मंजूरी दी।

करीब चार दशक का सैन्य अनुभव

जितेंद्र मिश्रा ने 6 दिसंबर 1986 को लड़ाकू विमान पायलट के तौर पर भारतीय वायुसेना में कमीशन हासिल किया था। करीब चार दशक के सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने 18 से अधिक प्रकार के विमानों पर उड़ान भरी और तीन हजार घंटे से ज्यादा का उड़ान अनुभव हासिल किया।

वह भारतीय वायुसेना की पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रह चुके हैं। इसके अलावा एकीकृत रक्षा स्टाफ में उप प्रमुख के तौर पर सिद्धांत, संगठन एवं प्रशिक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभाली हैं।

सुरक्षा और समन्वय का अनुभव आएगा काम

एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का अनुभव संचालन, रणनीतिक योजना, नेतृत्व और अलग-अलग एजेंसियों के बीच समन्वय से जुड़ा रहा है। उनका सैन्य करियर कई रणनीतिक और संवेदनशील जिम्मेदारियों से जुड़ा रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी पश्चिमी वायु कमान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके पास थी। ऐसे में सुरक्षा, संचालन और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय का उनका अनुभव अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की नई जिम्मेदारी के लिए अहम माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.