अहमदाबाद: गुजरात में भारतीय जनता पार्टी ने गांधीनगर नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। 44 सीटों के लिए हुई मतगणना में बीजेपी ने 38 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं। आम आदमी पार्टी इस चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
गांधीनगर में लगातार पांचवीं बार BJP का दबदबा
गांधीनगर नगर निगम में पिछले पांच वर्षों से बीजेपी सत्ता में है। इस बार भी भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन नतीजों में बीजेपी ने एकतरफा बढ़त हासिल कर ली।
गांधीनगर नगर निगम चुनाव 11 वार्डों की कुल 44 सीटों पर कराया गया था। इस चुनाव में 130 उम्मीदवार मैदान में थे। गांधीनगर नगर निगम क्षेत्र में करीब 2.59 लाख मतदाता हैं।
पिछले चुनाव में भी BJP को मिली थी बड़ी जीत
गांधीनगर नगर निगम के पिछले चुनाव अक्टूबर 2021 में हुए थे। उस समय बीजेपी ने 44 में से 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं, जबकि आम आदमी पार्टी ने एक सीट पर जीत हासिल की थी।
इस बार चार सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। बाकी सीटों पर कुल 75 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ।
थारा नगरपालिका और अन्य सीटों पर भी हुआ मतदान
गांधीनगर के अलावा बनासकांठा जिले की थारा नगरपालिका में भी चुनाव कराए गए। यहां छह वार्डों की 24 सीटों के लिए 59 उम्मीदवार मैदान में थे।
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, गांधीनगर में 59.25 प्रतिशत, थारा में 81.18 प्रतिशत और ओखा में 63.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के संयुक्त आयुक्त एन. के. डामोर ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
इसके अलावा गुजरात की खेरालु, छोटा उदेपुर और बायड नगरपालिकाओं में एक-एक सीट पर उपचुनाव भी हुए। राज्य की विभिन्न जिला और तालुका पंचायत सीटों पर भी उपचुनाव कराए गए। सभी चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के जरिए संपन्न हुए।