जेड प्लांट को इन जगहों पर रखा तो बिगड़ सकता है वास्तु! जानें धन-समृद्धि के लिए सही दिशा और जरूरी नियम
लखनऊ : घर को हरा-भरा और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रखने के लिए आजकल इंडोर प्लांट्स का चलन काफी बढ़ गया है। इनमें जेड प्लांट को वास्तु शास्त्र और फेंगशुई में खास महत्व दिया जाता है। इसे मनी ट्री, फ्रेंडशिप ट्री और गुड लक प्लांट के नाम से भी जाना जाता है।
जेड प्लांट की चमकदार, रसीली और सिक्के के आकार जैसी गोल पत्तियां धन और समृद्धि का प्रतीक मानी जाती हैं। मान्यता है कि इसे सही दिशा और उचित स्थान पर रखने से घर में बरकत और सकारात्मकता बनी रहती है। आइए जानते हैं इसे कहां रखना शुभ माना जाता है और किन जगहों पर रखने से बचना चाहिए।
दक्षिण-पूर्व दिशा मानी जाती है शुभ
वास्तु शास्त्र के अनुसार, किसी भी पौधे का लाभ उसके सही स्थान और दिशा में रखे जाने से जुड़ा माना जाता है। जेड प्लांट के लिए दक्षिण-पूर्व दिशा यानी आग्नेय कोण को सबसे उपयुक्त माना गया है। इसे लिविंग रूम के दक्षिण-पूर्व हिस्से में रखने की मान्यता है।
कहा जाता है कि इस दिशा में जेड प्लांट रखने से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और आय के नए स्रोत बनने में मदद मिलती है।
मुख्य द्वार पर भी रख सकते हैं पौधा
जेड प्लांट को घर के मुख्य द्वार के पास रखना भी शुभ माना जाता है। खासतौर पर प्रवेश द्वार की दाहिनी ओर इसे रखने से सकारात्मक ऊर्जा और सौभाग्य के स्वागत की मान्यता है। वास्तु के अनुसार, यह घर में आने वाली नकारात्मक ऊर्जा को रोकने में भी सहायक माना जाता है।
ऑफिस और वर्क डेस्क के लिए भी खास जगह
अगर कारोबार में नुकसान हो रहा है या नौकरी में तरक्की रुक गई है, तो छोटे जेड प्लांट को ऑफिस की डेस्क या कैश काउंटर के दक्षिण-पूर्व कोने में रखने की सलाह दी जाती है। मान्यता के अनुसार, इससे एकाग्रता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
पश्चिम दिशा में रखने से बच्चों को लाभ की मान्यता
बच्चों की रचनात्मकता और करियर में तरक्की के लिए जेड प्लांट को घर की पश्चिम दिशा में रखने की सलाह दी जाती है। इसे स्टडी टेबल के पास भी रखा जा सकता है।
बेडरूम और बाथरूम में रखने से बचें
वास्तु नियमों के अनुसार जेड प्लांट को बेडरूम या बाथरूम में नहीं रखना चाहिए। खासतौर पर बाथरूम को ऐसी जगह माना जाता है जहां की नकारात्मक ऊर्जा पौधे के सकारात्मक प्रभाव को प्रभावित कर सकती है।
अंधेरे कोने में रखना भी सही नहीं
जेड प्लांट को घर के ऐसे कोने में रखने से बचना चाहिए जहां बिल्कुल धूप या पर्याप्त रोशनी नहीं पहुंचती हो। पौधे को स्वस्थ रखने के लिए सही रोशनी मिलना जरूरी है।
सूखा या मुरझाया पौधा तुरंत हटाएं
वास्तु मान्यताओं के मुताबिक, घर में सूखा या मुरझाया हुआ पौधा नकारात्मकता और कंगाली का प्रतीक माना जाता है। अगर जेड प्लांट की पत्तियां पीली पड़ने लगें या सूखने लगें, तो उन्हें काटकर हटा देना चाहिए।
जेड प्लांट में ज्यादा पानी डालना नुकसानदायक
जेड प्लांट एक सकुलेन्ट पौधा है और इसकी पत्तियों में पानी जमा रहता है। इसलिए इसे बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती। गमले में पानी तभी डालना चाहिए, जब ऊपर की मिट्टी सूखी नजर आए।
3 से 4 घंटे की हल्की धूप जरूरी
जेड प्लांट को स्वस्थ और हरा-भरा रखने के लिए रोजाना कम से कम 3 से 4 घंटे की हल्की धूप या तेज लेकिन अप्रत्यक्ष रोशनी मिलना जरूरी बताया गया है।