नौवीं बार लखनऊ पहुंचेंगे PM मोदी, स्वागत के लिए जगमगाया पूरा शहर! 52 मेधावियों को करेंगे सम्मानित, 4461 युवा बनेंगे समारोह का हिस्सा

0 38

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर राजधानी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार शाम प्रधानमंत्री अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से उनका काफिला इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) के लिए रवाना होगा। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पूरे वीवीआईपी मार्ग को सजाया गया है। जगह-जगह स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर उनका अभिनंदन करेंगे, जबकि लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान पेश करेंगे।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शाम 5:30 बजे पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह-2026 का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में देशभर के 52 मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे। समारोह में मेधावियों समेत कुल 4461 युवा शामिल होंगे। इनमें विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्रों (आईटीसी) के प्रशिक्षु शामिल हैं। खास बात यह है कि पहली बार उत्तर प्रदेश को इस राष्ट्रीय समारोह की मेजबानी मिली है। इससे पहले आयोजित चारों कौशल दीक्षांत समारोह दिल्ली में हुए थे।

कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी भी मौजूद रहेंगे।

तमिलनाडु की दो छात्राएं मेरिट सूची में पहले-दूसरे स्थान पर

राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने वाले 52 मेधावियों की सूची में तमिलनाडु की छात्राओं ने शीर्ष दो स्थान हासिल किए हैं। काव्या लेखा पहले और सांतना लक्ष्मी आर दूसरे स्थान पर हैं। जम्मू-कश्मीर की ताबिश शौकत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

उत्तर प्रदेश के भी छह प्रशिक्षुओं ने इस सूची में जगह बनाई है। इनमें आईटीसी देवरिया के नीतेश चौरसिया, आईटीसी अयोध्या की काजल महावर और लखनऊ के आईटीआई अलीगंज से अब्दुल मोईन, शहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा और प्रभा शामिल हैं।

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन युवाओं को प्रधानमंत्री सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाएंगे।

एयरपोर्ट से आईजीपी तक सफाई और सजावट पर विशेष जोर

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए नगर निगम ने शहर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया है। एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक हर 500 मीटर पर एक सफाईकर्मी की तैनाती की गई है। मुख्य सड़कों के आसपास खाली पड़े भूखंडों की भी सफाई कराई गई है। सड़क किनारे जमा कूड़ा हटाने के साथ ही नालों को ढकने और डिवाइडरों की रंगाई-पुताई का काम भी पूरा कराया गया है।

आईजीपी से लोहिया पथ और पिकअप चौराहे तक उद्यान विभाग की ओर से विशेष सजावट की गई है। सड़क किनारे और नालों के आसपास गमले रखवाए गए हैं। इनकी रंगाई-पुताई के साथ मार्किंग कर रास्ते को आकर्षक बनाया गया है।

जोनल सेनेटरी अधिकारी पंकज शुक्ला के मुताबिक, प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए नगर निगम ने उच्च स्तर पर तैयारियां की हैं। पूरे मार्ग पर रोशनी, सफाई और सौंदर्यीकरण के काम कराए गए हैं।

नौवीं बार प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार राजधानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए लखनऊ नौवीं बार तैयार है। इससे पहले 25 दिसंबर 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री राजधानी पहुंचे थे।

इससे पहले 19 फरवरी 2024 को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के शुभारंभ के लिए भी उनका लखनऊ दौरा हुआ था। उस दौरान प्रधानमंत्री करीब तीन घंटे तक राजधानी में रहे थे।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर अस्पतालों में सेफ हाउस तैयार

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था मजबूत की है। किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए लोकबंधु राजनारायण अस्पताल, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और संजय गांधी पीजीआई में सेफ हाउस बनाए गए हैं।

तीनों अस्पतालों में आपातकालीन वार्ड से लेकर गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) तक जरूरी इंतजाम किए गए हैं। करीब 50 डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात की गई है। इसमें हृदय रोग, मेडिसिन, सर्जरी और हड्डी रोग समेत विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ शामिल हैं। नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

स्वागत के लिए पूरे मार्ग को अलग-अलग सेक्टर में बांटा

जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरे मार्ग को अलग-अलग सेक्टर में बांटा है। रमाबाई पार्क, सुशांत गोल्फ सिटी, विजयपुरा अंडरपास और शहीद पथ लिंक तिराहे समेत कई प्रमुख स्थानों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

इन स्थानों पर स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहेंगे। वहीं, विभिन्न जगहों पर लोक कलाकार पारंपरिक प्रस्तुतियां देकर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। पूरे मार्ग पर सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आठ से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। जिलाधिकारी विशाख जी ने स्वागत और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए आठ से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इन अधिकारियों के नेतृत्व में जिला प्रशासन के बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी तैनात रहेंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.